A2Z सभी खबर सभी जिले की

अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर भव्य कार्यक्रम आयोजित, उत्कृष्ट महिलाओं का हुआ सम्मान

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्राएं एवं जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित

डिंडौरी  10   मार्च, 2026

कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर खेल मैदान में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाएं, छात्राएं एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विधायक डिंडौरी ओमकार मरकाम, विधायक शहपुरा ओमप्रकाश धुर्वे, श्रीमती उजयारों बाई, श्रीमती फुलझरी बाई, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अंजू व्वौहार, नगरपालिका उपाध्यक्ष श्रीमती सारिका नायक, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति प्रकाश धुर्वे सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। जिला प्रशासन की ओर से पुलिस अधीक्षक श्रीमती वाहनी सिंह, एसडीएम डिंडौरी सुश्री भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन, जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती सुमन परस्ते सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के तैलचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इसके पश्चात छात्राओं द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिसमें लोकनृत्य, करमा और सैला नृत्य ने दर्शकों का मन मोह लिया। स्थानीय कलाकारों ने भी आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के लिए पारंपरिक वेशभूषा में कबड्डी और रस्साकस्सी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता की विशेष बात यह रही कि इसमें 50 से 60 वर्ष आयु वर्ग की महिलाओं ने भी उत्साहपूर्वक भाग लिया। विजेता प्रतिभागियों को मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया।

Related Articles
इस अवसर पर विभागीय कर्मचारी महिलाओं सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि दोनों विधायकों ने कार्यक्रम में उपस्थित महिला जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासनिक अधिकारी महिलाओं को शॉल और श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया।
विधायक शहपुरा ओमप्रकाश धुर्वे ने अपने संबोधन में कहा कि नारी सम्मान और सशक्तिकरण के लिए शासन द्वारा अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ’’जब नारी शिक्षित होगी तो समाज और देश का विकास भी तेज गति से होगा।’’ उन्होंने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।
विधायक डिंडौरी ओमकार मरकाम ने अपने संबोधन में कहा कि हमारा देश महान देश है, जहां महिलाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ने के समान अवसर प्राप्त हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन, राजनीति, सेना और खेल सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का परचम लहरा रही हैं। गांव से लेकर शहर और देश की सीमाओं तक महिलाएं अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि समाज की वास्तविक प्रगति तब संभव है जब महिलाओं को सम्मान, शिक्षा और अवसर मिलें। उन्होंने सभी महिलाओं को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर कलेक्टर ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण समाज के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि शासन द्वारा महिलाओं के स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं, जिनका लाभ अधिक से अधिक महिलाओं तक पहुंचाना हमारा लक्ष्य है। उन्होंने महिलाओं से शिक्षा, स्वावलंबन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया तथा सभी को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दीं।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!