
पूर्वी चंपारण ( बिहार ) :- उत्क्रमित मध्य विद्यालय दरियापुर अभ्यासिक में शनिवार को सुरक्षित शनिवार कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों और शिक्षकों को लू से बचाव के उपाय बताए गए। कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाध्यापक शाहिद जफर ने की। इस मौके पर टी.एफ.एम सदस्य शिक्षक ज्ञान प्रिय ने विद्यार्थियों को लू के दुष्प्रभाव, लक्षण और उससे बचने के सरल उपाय विस्तार से बताए। उन्होंने कहा कि भीषण गर्मी में दोपहर के समय आराम करें, यथासंभव घर के भीतर रहें और भारी कार्यों से बचें। हल्के व हल्के रंग के सूती कपड़े पहनें तथा भरपूर पानी और तरल पदार्थ का सेवन करें।

विद्यालय के अन्य शिक्षक देवेन्द्र कुमार, नीरज कुमार, सिंधु कुमारी और निधि कुमारी ने बच्चों को बताया कि तेज धूप में बाहर निकलते समय सिर को टोपी, गमछा, दुपट्टा या छाता से ढकना चाहिए और धूप में किसी भी खेल या कार्यक्रम में भाग नहीं लेना चाहिए। कार्यक्रम के दौरान बच्चों को बार-बार पानी पीने और हल्का लेकिन पौष्टिक आहार लेने की सलाह दी गई। प्रधानाध्यापक शाहिद जफर ने कहा कि गर्मी से बचाव के लिए सभी को सतर्क रहना चाहिए और अपने परिवार व पड़ोसियों को भी इस बारे में जागरूक करना चाहिए।

#हमर_छपरा तथा #बिहार_कथा को बहुत – बहुत धन्यवाद और आभार।