गणेश पाण्डे डिंडौरी : 19 अगस्त,2026
डिंडौरी कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया की अध्यक्षता में आज सर्किट हाउस डिंडौरी में प्रेसवार्ता आयोजित की गई। प्रेसवार्ता में जिले के लगभग 60 से 70 पत्रकार बंधुओं ने सहभागिता की।
प्रेसवार्ता के दौरान जनसंपर्क अधिकारी पुष्पराज सिंह द्वारा पत्रकारों के कल्याण एवं सुविधाओं से संबंधित विभिन्न योजनाओं एवं नियमों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने अधिमान्यता नियम, आर्थिक सहायता के विभिन्न आवेदन तथा शिक्षा ऋण ब्याज अनुदान योजना के संबंध में पत्रकारों को अवगत कराया। इसी क्रम में वरिष्ठ एवं बुजुर्ग पत्रकारों के लिए संचालित ’’सम्मान-निधि योजना’’ के स्वीकृति आदेश के संबंध में जानकारी प्रदान की गई। साथ ही संचार प्रतिनिधियों के लिए स्वास्थय एवं दुर्घटना समूह बीमा योजना के नियमों तथा बीमा योजना की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया गया।
प्रेसवार्ता के दौरान पत्रकारों द्वारा योजनाओं से संबंधित विभिन्न बिंदुओं पर जानकारी प्राप्त की गई। कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने पत्रकारों से संवाद करते हुए कहा कि शासन की पत्रकार हितैषी योजनाओं का लाभ पात्र संचार प्रतिनिधियों तक पहुंचाना प्राथमिकता है। उन्होंने पत्रकारों को शासन की योजनाओं एवं जनकल्याणकारी गतिविधियों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए भी कहा।
कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया ने अपने संबोधन में कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं कार्यक्रमों की जानकारी आमजन तक पहुंचाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने कहा कि जिले के विकास, जनसमस्याओं और प्रशासनिक गतिविधियों को जनता के समक्ष निष्पक्ष एवं तथ्यपरक रूप से रखने में मीडिया की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय से शासन की योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने पत्रकारों से आग्रह किया कि वे ग्रामीण क्षेत्रों और दूरस्थ अंचलों में संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं एवं विकास कार्यों की जानकारी भी प्रमुखता से सामने लाएं, ताकि पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ मिल सके।

