हमीरपुर। जनपद में आमजन को न्याय सुलभ कराने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रविवार को चौरा देवी मंदिर मैदान में मेगा विधिक सहायता शिविर (मेगा लीगल कैंप) का आयोजन किया गया।
शिविर का शुभारंभ इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति प्रमोद कुमार श्रीवास्तव ने किया। कार्यक्रम का आयोजन जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में किया गया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित जनपद के विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। शिविर में विभिन्न सरकारी विभागों की ओर से स्टॉल लगाए गए, जिनके माध्यम से लोगों को विभागीय योजनाओं, सरकारी सुविधाओं और जनकल्याणकारी सेवाओं की विस्तार से जानकारी दी गई।
शिविर का मुख्य उद्देश्य पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं से जोड़ना, उनकी समस्याओं का समाधान करना तथा जरूरतमंदों तक विधिक सहायता पहुंचाना रहा। मेगा शिविर के माध्यम से आम नागरिकों को कई आवश्यक सेवाओं का लाभ मौके पर ही उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।
इस पहल से लोगों को विभिन्न विभागों के कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिलने के साथ ही सरकारी योजनाओं का लाभ प्राप्त करने का अवसर मिला।
