हमीरपुर। जिले के बिवांर कस्बे में रविवार सुबह स्टेट हाईवे-42 पर रोडवेज बस और ईंटों से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली के बीच जोरदार टक्कर हो गई।
हादसे में एक दर्जन से अधिक यात्री घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
अचानक हुई भिड़ंत से घबराए कुछ यात्रियों ने बस की खिड़कियों से छलांग लगा दी, जिससे उन्हें भी चोटें आईं। जानकारी के अनुसार, राठ डिपो की रोडवेज बस रविवार सुबह करीब 4:30 बजे राठ से कानपुर के लिए रवाना हुई थी।
सुबह लगभग 5:30 बजे बिवांर कस्बे में हीरानंद डिग्री कॉलेज के सामने बस की ईंटों से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली से भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रॉली में लदी ईंटें सड़क पर बिखर गईं।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक कर रही थी, तभी सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली बस की चालक वाली तरफ से टकरा गई। हादसे के समय कई यात्री नींद में थे, जिन्हें संभलने तक का मौका नहीं मिला।
घायलों में बस चालक लक्ष्मी नारायण निवासी रूरीपारा और महिला परिचालक रीता भी शामिल हैं। मुस्करा निवासी सब्जी विक्रेता ताहिर के पैरों में भी चोटें आई हैं।
परीक्षा देने जा रहे बच्चे और अभ्यर्थी भी घायल
हादसे में मुस्करा थाना क्षेत्र के चिल्ली गांव निवासी पांच बच्चे घायल हुए हैं। ये सभी छात्रवृत्ति परीक्षा में शामिल होने के लिए भरुआ सुमेरपुर जा रहे थे।
घायलों में रितिक (12), विकास (13), दिव्यांशु, प्रिंस (14) और प्रिंस (12) शामिल हैं। इसके अलावा पीईटी परीक्षा देने के लिए कुछेछा जा रहीं मधु राजपूत और आकांक्षा भी दुर्घटना में घायल हो गईं।
घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 और बिवांर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से घायलों को सीएचसी छानी पहुंचाया, जहां से तीन लोगों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल हमीरपुर रेफर किया गया।
जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल तीन लोगों को कानपुर भेजा गया। पुलिस के अनुसार, दुर्घटना के बाद यातायात सुचारु करा दिया गया है।
मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
