
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री व धार महू लोकसभा क्षेत्र की माननीय सांसद श्रीमती सावित्री ठाकुर के निरंतर प्रयासों से गंधवानी में डाकघर की सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त हुई है। श्रीमती ठाकुर की मांग पर केंद्रीय संचार एवं उत्तर पूर्वी क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा गंधवानी शाखा डाकघर को उप डाकघर में उन्नयन किए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। विभागीय कार्यवाही पूर्ण होने के पश्चात ग्राम गंधवानी में प्रस्तावित उप डाकघर खोला जाएगा।
केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री श्रीमती सावित्री ठाकुर ने इस महत्वपूर्ण पहल के लिए केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का हार्दिक आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गंधवानी जैसे आदिवासी एवं दूरस्थ क्षेत्र में डाक सेवाओं का विस्तार क्षेत्रवासियों के लिए अत्यंत उपयोगी सिद्ध होगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार का निरंतर प्रयास है कि देश के प्रत्येक गांव और विशेषकर आदिवासी एवं ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं की पहुंच मजबूत हो तथा विकास की मुख्यधारा से अंतिम व्यक्ति को जोड़ा जाए। गंधवानी क्षेत्र की जनता द्वारा लंबे समय से यह मांग की जा रही थी जिसमें अब सफलता प्राप्त हुई है । यहाँ उप डाकघर की सुविधा उपलब्ध होने से स्थानीय नागरिकों को डाक एवं पार्सल सेवाओं, बचत एवं वित्तीय सेवाओं तथा केंद्र सरकार से जुड़ी विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवश्यक सेवाओं के लिए दूरस्थ स्थानों पर जाने की आवश्यकता कम होगी। इससे क्षेत्र के ग्रामीणों, महिलाओं, विद्यार्थियों, वरिष्ठ नागरिकों, छोटे व्यवसायियों तथा आदिवासी परिवारों को विशेष लाभ मिलेगा।
श्रीमती ठाकुर ने कहा कि आदिवासी क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार केवल प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करना नहीं, बल्कि सामाजिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण का महत्वपूर्ण माध्यम है। गंधवानी में उप डाकघर की स्थापना क्षेत्र में बेहतर कनेक्टिविटी, वित्तीय समावेशन और जनसेवाओं की सुगमता की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि विभागीय प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात उप डाकघर शीघ्र ही क्षेत्रवासियों को समर्पित होगा।
0 1 minute read

