गणेश पाण्डे ,डिण्डौरी , 19 अगस्त 2026
आज 19 अगस्त 2026, बुधवार को सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय डिंडोरी में गोस्वामी तुलसीदास जयंती बड़े ही श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाई गई। कार्यक्रम का शुभारंभ तुलसीदास जी के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
इस अवसर पर संस्था प्रमुख देवेन्द्र नाथ चतुर्वेदी ने सभी भैया-बहिनों को संबोधित करते हुए कहा कि गोस्वामी तुलसीदास जी ने “श्रीरामचरितमानस” के माध्यम से रामभक्ति को जन-जन तक पहुंचाया। उन्होंने विद्यार्थियों को तुलसीदास जी के जीवन, त्याग और साहित्यिक योगदान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही बच्चों को मर्यादा, सत्य और सेवा के मार्ग पर चलने की प्रेरणा दी
इसी तारतम्य में प्राथमिक विभाग के भैया-बहिनों को प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार पाण्डेय ने तुलसीदास जी के दोहों और आदर्शों के महत्व को सरल भाषा में समझाया। उन्होंने कहा कि तुलसीदास जी ने अवधी भाषा में रामकथा लिखकर आम जनमानस को धर्म से जोड़ा।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने भजन, हनुमान चालीसा, सुंदरकांड के पाठ और तुलसीदास जी के रचित दोहों का गायन प्रस्तुत किया। पूरे विद्यालय परिसर में “जय श्री राम” और “बोलो तुलसी महाराज की जय” के नारों से भक्तिमय वातावरण निर्मित हो गया।
कार्यक्रम के अंत में सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों ने तुलसीदास जी के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

