A2Z सभी खबर सभी जिले की

जामसांवली धाम में 12 मार्च को नव-निर्मित बजरंग गौशाला का लोकार्पण, प्रशासनिक अधिकारी रहेंगे मौजूद

जामसांवली धाम में 12 मार्च को नव-निर्मित बजरंग गौशाला का लोकार्पण, प्रशासनिक अधिकारी रहेंगे मौजूद

संवाददाता धनंजय जोशी

जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

पांढुरना – प्रसिद्ध आस्था स्थल श्री हनुमान मंदिर जामसांवली में गौसेवा को समर्पित एक और महत्वपूर्ण पहल की गई है। यहां निर्मित बजरंग गौशाला का भव्य लोकार्पण 12 मार्च को शाम 6 बजे किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ पांढुरना कलेक्टर नीरज कुमार वशिष्ठ तथा पुलिस अधीक्षक सुंदर सिंह कनेश के हाथों संपन्न होगा। इस अवसर पर मंदिर ट्रस्ट के पदाधिकारी, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रहने की संभावना है।

Related Articles


जानकारी के अनुसार मध्यप्रदेश शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई लगभग 25 एकड़ भूमि पर इस आधुनिक गौशाला का निर्माण किया गया है। परिसर में करीब 15 हजार वर्गफुट क्षेत्र में दो विशाल शेड बनाए गए हैं, जिनमें गौवंश के लिए सुरक्षित, स्वच्छ और व्यवस्थित व्यवस्था की गई है। इसके अलावा विशेष अतिथियों के लिए गौभोजन कक्ष, जल संरक्षण के लिए डैम तथा नागपुर–छिंदवाड़ा मार्ग से गौशाला को जोड़ने के लिए लगभग 600 मीटर लंबी सड़क का निर्माण भी कराया गया है। पूरे परिसर में आकर्षक सौंदर्यीकरण के साथ विद्युत व्यवस्था भी विकसित की गई है।
मंदिर ट्रस्ट द्वारा संचालित इस गौशाला में लगभग 800 गौवंश के पालन-पोषण और संरक्षण की व्यवस्था की गई है। यहां चारा भंडारण केंद्र, गौवंश के उपचार के लिए चिकित्सा कक्ष तथा गौसेवकों के रहने के लिए अलग से आश्रय कक्ष भी बनाए गए हैं। लोकार्पण के पश्चात वर्तमान में मंदिर परिसर में संचालित गौशाला के गौवंश को चरणबद्ध तरीके से यहां स्थानांतरित किया जाएगा।
इसके साथ ही नागपुर–छिंदवाड़ा मार्ग पर एक भव्य प्रवेश द्वार के निर्माण की भी योजना तैयार की गई है, जो आने वाले समय में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बनेगा।
मंदिर संस्थान के अध्यक्ष गोपाल शर्मा ने बताया कि सनातन परंपरा में गौसेवा को अत्यंत पवित्र और महत्वपूर्ण माना गया है। जामसांवली धाम में तैयार की गई यह आधुनिक गौशाला न केवल गौमाता की सेवा का केंद्र बनेगी, बल्कि समाज में धार्मिक आस्था, पर्यावरण संरक्षण और सेवा भाव को भी प्रोत्साहित करेगी। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से लोकार्पण कार्यक्रम में शामिल होकर इस पुण्य कार्य का हिस्सा बनने की अपील की है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!