A2Z सभी खबर सभी जिले की

अचानक टायर फट जाने से अनियंत्रित होकर पलट गई बोलेरा

हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत,चार लोग गंभीर रूप से घायल

जहानाबाद। जिले के मखदुमपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत पटना-गया राष्ट्रीय राजमार्ग पर नेर गांव के समीप शुक्रवार की सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार बोलेरो का टायर अचानक फट जाने से गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गयी। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने कुछ देर के लिए सड़क जाम कर विरोध जताया। मृतक की पहचान मुजफ्फरपुर निवासी सुजीत कुमार के रूप में की गई है। वहीं घायलों में विकास कुमार, मनीष कुमार, नीतीश कुमार और अजित कुमार शामिल हैं। सभी घायलों का इलाज मखदुमपुर स्थित सुखदेव प्रसाद वर्मा रेफरल अस्पताल में कराया जा रहा है. चिकित्सकों के अनुसार कुछ घायलों की स्थिति गंभीर बनी हुई है।घायलों ने बताया कि मुजफ्फरपुर से कुल सात लोगों के साथ बोलेरो वाहन से कोलकाता घूमने गए थे। शुक्रवार की सुबह सभी लोग वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान नेर गांव के समीप अचानक बोलेरो का एक टायर फट गया, जिससे चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और गाड़ी सड़क किनारे पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए। घटना की सूचना मिलते ही मखदुमपुर थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना अध्यक्ष राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है तथा दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles
Show More
Back to top button