मौदहा, हमीरपुर। जिलाधिकारी के निर्देश पर कस्बे में अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी है।
रविवार को ट्रैफिक पुलिस एवं नगर पालिका की संयुक्त टीम ने कस्बे के प्रमुख चौराहों सहित विभिन्न स्थानों पर सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटवाया। टीम ने फुटपाथ और दुकानों के बाहर किए गए अतिक्रमण को हटाने के साथ ही सड़क किनारे बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ भी कार्रवाई की।
कई वाहनों का ई-चालान किया गया। अभियान के दौरान दुकानदारों को सड़क व फुटपाथ पर अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई।
अधिकारियों के अनुसार सड़क किनारे अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होता है और जाम की स्थिति बनती है। अतिक्रमण हटने से कस्बे में यातायात व्यवस्था बेहतर होने तथा लोगों को जाम से राहत मिलने की उम्मीद है।
प्रशासन की ओर से अभियान आगे भी जारी रखने की बात कही गई है।
