आधार सेवाओं के विस्तार और लंबित प्रकरणों के निराकरण पर जोर
जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक में कलेक्टर ने दिए निर्देश, स्कूलों में आधार संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए शिविर लगाने को कहा
सिंगरौली। कलेक्टर अंकित अस्थाना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में आधार नामांकन, डेटा अद्यतन, सत्यापन, आधार सेवाओं के विस्तार और नागरिकों की शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।
बैठक में एमबीयू (एमबीएयू) शिविर आयोजित करने और यूआईडीएआई से संबंधित डेटा अद्यतन कार्य प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए गए। साथ ही 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के व्यक्तियों के आधार नामांकन की ग्राम स्तर पर जानकारी एवं सत्यापन कर आवश्यक विवरण उपलब्ध कराने को कहा गया, ताकि पात्र लोगों का नामांकन सुनिश्चित हो सके।
स्कूलों में शिविर लगाकर छात्रों की समस्याएं सुलझाएं
कलेक्टर ने शिक्षा विभाग को ई-गवर्नेंस विभाग के समन्वय से यूडाईस पोर्टल पर आधार संबंधी छात्रवार लंबित प्रकरणों का निराकरण कराने के निर्देश दिए। इसके लिए विद्यालयों में संयुक्त शिविर आयोजित कर अभिभावकों को आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन देने को कहा। शिविरों की कार्यप्रगति और व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए औचक निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।
हटाए गए आधार कार्डों और शतायु लोगों की स्थिति जांचें
बैठक में हटाए गए आधार कार्डों के सत्यापन की प्रक्रिया पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर ने 100 वर्ष से अधिक आयु के व्यक्तियों के आधार कार्ड की स्थिति की समीक्षा करने तथा जिला एवं राज्य स्तर से प्राप्त आधार संबंधी शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए। आधार से जुड़ी धोखाधड़ी गतिविधियों पर भी सतत निगरानी रखने को कहा।
नेटवर्क विहीन क्षेत्रों में लगेंगे विशेष शिविर
नेटवर्क की समस्या वाले क्षेत्रों में आधार सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए ग्राम स्तर पर विशेष शिविर आयोजित करने पर चर्चा की गई। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों को आधार नामांकन, डेटा अद्यतन एवं अन्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, ताकि दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आधार संबंधी कार्यों के लिए परेशान न होना पड़े।
बैठक में अपर कलेक्टर पीएस त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर अमित सिंह बम्हरौलिया, एसडीएम सुरेश जाधव, नंदन तिवारी एवं देवेंद्र द्विवेदी, लोक सेवा प्रबंधक रमेश पटेल, ई-गवर्नेंस अधिकारी संजय विश्वकर्मा, जिला शिक्षा अधिकारी कविता त्रिपाठी, सीएमएचओ डॉ. पुष्पराज सिंह तथा डीपीसी आरएल शुक्ला सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
