कार्तिक मास के अंतिम दिवस पर होगा द्वितीय वर्ष दीपदान महामहोत्सव… हरिनाम संकीर्तन के साथ श्रद्धालु करेंगे श्री राधा-दामोदर जी के निमित्त दीपदान, पेड़ी घाट पर जगमगाएंगे दीप…
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977587
मनावर। जिला धार।। कार्तिक मास की पावन धार्मिक परंपरा के अंतर्गत नगर में द्वितीय वर्ष दीपदान महामहोत्सव का आयोजन श्रद्धा एवं भक्तिभाव के साथ किया जाएगा। भगवान श्रीकृष्ण को अत्यंत प्रिय कार्तिक मास में श्री राधा-दामोदर जी के समक्ष दीपदान करने की विशेष धार्मिक महिमा है। इसी आध्यात्मिक परंपरा को आगे बढ़ाते हुए कार्तिक मास के अंतिम दिवस यह धार्मिक आयोजन किया जा रहा है।
आयोजन की शुरुआत जुनी मनावर स्थित पाटीदार समाज राम मंदिर में हरिनाम संकीर्तन के साथ होगी। 24 नवंबर मंगलवार को रात्रि 7:30 बजे श्रद्धालु भक्तजन मंदिर परिसर में एकत्रित होकर भजन-कीर्तन करेंगे। इसके पश्चात हरिनाम संकीर्तन करते हुए सभी भक्तजन पेड़ी घाट, मान नदी पहुंचेंगे, जहां भगवान श्री राधा-दामोदर जी के निमित्त दीपदान किया जाएगा।
कार्यक्रम के आयोजक जगन्नाथ सनातन समिति ने नगर के समस्त धर्मप्रेमी बंधुओं, माताओं, बहनों एवं श्रद्धालुओं से सपरिवार शामिल होकर धर्मलाभ लेने का आग्रह किया है। साथ ही विशेष निवेदन किया गया है कि सभी भक्तजन अपने घरों से दीपक साथ लेकर आएं, ताकि सामूहिक रूप से पेड़ी घाट पर दीप प्रज्वलित कर दीपदान महोत्सव को भव्य एवं दिव्य स्वरूप प्रदान किया जा सके।
हरिनाम संकीर्तन और दीपदान से भक्तिमय होगा मान नदी का तट।
