हमीरपुर। जनपद में रविवार, 25 अक्टूबर 2026 को प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (PET-2026) दो पालियों में 12 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं निर्विघ्न ढंग से संपन्न हुई।
परीक्षा को निष्पक्ष और पारदर्शी तरीके से कराने के लिए प्रशासन की ओर से व्यापक व्यवस्थाएं की गई थीं। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) राकेश कुमार ने बताया कि परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए 12 सेक्टर मजिस्ट्रेट, 12 स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा जोनल मजिस्ट्रेट तैनात किए गए थे।
उन्होंने बताया कि प्रथम पाली में 5,136 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 3,503 उपस्थित रहे, जबकि द्वितीय पाली में 3,548 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। इस प्रकार प्रथम पाली में 68.20 प्रतिशत और द्वितीय पाली में 69.08 प्रतिशत उपस्थिति दर्ज की गई।
अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए परीक्षा केंद्रों पर आवश्यक इंतजाम किए गए थे। साथ ही आवागमन को सुगम बनाए रखने के लिए यातायात एवं परिवहन व्यवस्था भी दुरुस्त रखी गई।
प्रशासनिक अधिकारियों और मजिस्ट्रेटों की निगरानी में दोनों पालियों की परीक्षा बिना किसी बाधा के शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।
