ब्रेकिंग न्यूज |
*गौशाला में मौतों के बाद जांच, ग्रामीणों को अंदर जाने से रोका तो उठे सवाल*
*खबर प्रसारित होने के बाद जागे अधिकारी, बीडीओ बोले—*बहुत दलदल था इंसान फंस जाएगा तो जानवर तो मरेगा ही*
मुस्करा। जिला हमीरपुर के मुस्करा ब्लॉक क्षेत्र के गरौली गांव की गौशाला में लगातार गोवंश की मौतों की खबर प्रसारित होने के बाद अधिकारी जांच करने पहुंचे। गुरुवार को बीडीओ राजू कुमार और सीवीओ ने गौशाला पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। अधिकारियों के पहुंचने की खबर मिलते ही ग्रामीण भी मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि बीडीओ ने उन्हें गौशाला के अंदर जाने से रोकते हुए बाहर रहने को कहा। ग्रामीणों के मुताबिक जांच के दौरान उन्हें अंदर नहीं जाने दिया गया, जिससे गौशाला की व्यवस्थाओं और अंदर के हालात को लेकर सवाल और गहरे हो गए।
वहीं, वीडियो के माध्यम से जब बीडीओ से ग्रामीणों को अंदर जाने से रोकने की वजह पूछी गई तो उन्होंने जवाब दिया कि “बहुत दलदल था, इंसान ही फंस जाएगा तो जानवर जो मरेगा ही।” अधिकारी के इस जवाब ने अब पूरे मामले को और गंभीर सवालों के घेरे में ला दिया है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर गौशाला में इतना दलदल है कि इंसान के फंसने का खतरा है, तो फिर वहां बेजुबान गोवंश को किस हालत में रखा जा रहा है? जल निकासी और सुरक्षित व्यवस्था आखिर क्यों नहीं की गई?
दो दिन पूर्व गोवंश की लगातार मौतों को लेकर खबर सामने आई थी। इसके बाद अधिकारियों के जांच के लिए पहुंचने से ग्रामीणों में उम्मीद जगी, लेकिन जांच के दौरान ग्रामीणों को अंदर जाने से रोकने और मोबाइल से वीडियो बनाने पर नाराजगी जताए जाने को लेकर पारदर्शिता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
अब बड़ा सवाल यही है—दलदल की जानकारी पहले से थी तो गोवंश को वहां से सुरक्षित क्यों नहीं हटाया गया? और अगर हालात इतने खराब थे तो जिम्मेदारों ने समय रहते व्यवस्था क्यों नहीं सुधारी? ग्रामीण पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
