बानसूर। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड स्थित उपली कोठी के शिवालय में रविवार को पांचवा स्थापना दिवस बड़े ही हर्षोल्लास और भक्ति भाव के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर को विशेष रूप से सजाया गया।
मंदिर में विराजमान भगवान भोलेनाथ का भक्तों ने जलाभिषेक, दुग्धाभिषेक कर विशेष पूजा-अर्चना की।
पूजा-अर्चना के बाद भक्तों ने बाबा भोलेनाथ के स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में केक काटकर खुशी मनाई और एक-दूसरे को बधाई दी। केक काटने के दौरान हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा परिसर गूंज उठा।
इस दौरान स्थानीय भक्तों ने बताया कि पांच वर्ष पूर्व इस शिवालय की स्थापना स्थानीय लोगों के सहयोग से की गई थी। तब से लगातार यहां हर वर्ष स्थापना दिवस मनाया जाता है। शिवालय क्षेत्र के लोगों की आस्था का प्रमुख केंद्र बन गया है।
इस मौके पर पार्षद निरंजन लाल ठेकेदार लक्ष्मण,सुरेश,बलवीर,प्रभु,शंकर, जगदीश सहित बड़ी संख्या में महिला-पुरुष भक्त मौजूद रहे और प्रसाद वितरण किया गया।
