पुलिस की सरपरस्ती में हो रहाअवैध खनन की मिट्टी लदी ट्रैक्टर ट्राली से मासूम की मौत
बरेली के थाना अलीगंज क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम हाफिजगंज मजरा अनुरुद्धपुर में अवैध मिट्टी खनन कर तेज रफ्तार से भाग रही महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली ने साइकिल सवार लगभग 10वर्षीय मासूम को रौंद दिया। हादसे में बच्चे की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।
घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने भाग रहे चालक और ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर ही पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। हाफिजगंज मजरा अनुरुद्धपुर निवासी मदनलाल का 10 वर्षीय पुत्र अभिषेक साइकिल से किसी काम से निकला था।
जैसे ही वह मुख्य मार्ग पर पहुंचा, तभी खनन की मिट्टी से लदी अनियंत्रित महिंद्रा ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उसे सीधी टक्कर मार दी। पहियों की चपेट में आने से अभिषेक ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। गुस्साए ग्रामीणों ने तत्काल ट्रैक्टर और ट्रॉली को अपने कब्जे में ले लिया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंची अलीगंज थाना पुलिस ने हालात को संभाला और ट्रैक्टर-ट्रॉली को कब्जे में लिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतक अभिषेक अपने चार भाई-बहनों में सबसे बड़ा था। उससे छोटे दो भाई और एक 7 वर्ष की मासूम बहन है।
घर के सबसे बड़े बेटे की अचानक मौत की खबर सुनते ही मां-बाप बदहवास हो गए और पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि इलाके में पुलिस और प्रशासन की शह पर दिन-रात अवैध खनन का काला कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है।
माफिया के हौसले इतने बुलंद हैं कि आबादी वाले रास्तों से मिट्टी लदे ओवरलोड ट्रैक्टर तेज रफ्तार में बेखौफ होकर दौड़ते हैं। पुलिस का कहना है कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
