मौदहा, हमीरपुर। विकासखंड क्षेत्र के गांवों में लगातार हो रही बारिश से कच्चे-पक्के मकानों के गिरने का सिलसिला जारी है।
गुरुवार सुबह करीब पांच बजे भमौरा गांव में नरेश कुमार प्रजापति अपने रिहायशी मकान में सो रहे थे। इसी दौरान अचानक मकान भरभराकर उनके ऊपर गिर गया।
गनीमत रही कि हादसे में उनकी जान बच गई। मकान गिरने की आवाज सुनकर पड़ोसी बृजमोहन और सुरेश मौके पर पहुंचे और मलबे से नरेश कुमार को सुरक्षित बाहर निकाला।
घटना की जानकारी लेखपाल को दे दी गई है। लगातार बारिश होने के कारण राजस्व विभाग की टीम के गांव पहुंचने में परेशानी हो रही है।
बारिश के चलते मौदहा विकासखंड क्षेत्र के पारा, लदार, हिमौली, रतौली, लरौंध, भमौरा, भवानी, छिरका, मवैया, नारायच, मदारपुर, सायरी, कम्हारिया, मांचा , रमना, चकदहा , बिगहना, मुटनी, कुनेहटा, उमरी, भुगैचा समेत कई गांवों में हालात खराब बताए जा रहे हैं। ग्रामीणों को कच्चे मकानों के गिरने का खतरा बना हुआ है।
भमौरा के लेखपाल ने बताया कि प्रशासन को मामले की जानकारी दे दी गई है। प्रभावित परिवारों को तत्काल मदद पहुंचाने के लिए प्रशासन तैयार है।
राजस्व टीम के पहुंचने के बाद नुकसान का आकलन कर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
