मौदहा, हमीरपुर। कस्बे के वार्ड नंबर 15 स्थित इलाही तालाब में बुधवार सुबह दो दिन से लापता 26 वर्षीय युवक का शव उतराता मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया।
शव मिलने की सूचना पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवक के शरीर पर चोट के निशान मिलने और परिजनों द्वारा हत्या का आरोप लगाए जाने से मामला संदिग्ध हो गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान आमिर उर्फ राहुल जैकर पुत्र बदरुद्दीन निवासी पूर्वी तरौस (पुरवा चौधराना), कस्बा मौदहा के रूप में हुई है। मृतक पेशे से ड्राइवर था।
पिता बदरुद्दीन ने बताया कि दो नवंबर को आमिर ने उनके साथ खाना खाया था, इसके बाद वह घर से चला गया। देर रात तक वापस न लौटने पर परिजनों ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चला।
बुधवार सुबह मोहल्ले के लोगों ने इलाही तालाब में शव पड़े होने की सूचना दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान आमिर के रूप में की। परिजनों का आरोप है कि आमिर की हत्या कर शव तालाब में फेंका गया है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी मृतक के साथ मारपीट की घटना हो चुकी थी। परिजनों ने मामले में जल्द ही तहरीर देने की बात कही है।
ऐसे में पुलिस के सामने आने वाली तहरीर और संभावित नामजद आरोपों को लेकर भी मामले में नया मोड़ आने की आशंका है। फिलहाल युवक की मौत हादसा है या उसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है, यह सवाल बना हुआ है।
कोतवाली प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
पुलिस मामले की जांच और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई में जुटी है।
