हमीरपुर। सेवा संकल्प अभियान के तहत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, उत्तर प्रदेश की ओर से सोमवार को अंबेडकर पार्क में तीन दिवसीय विकास प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया।
हमीरपुर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष कुलदीप निषाद ने फीता काटकर प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
प्रदर्शनी में केंद्र व प्रदेश सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को आकर्षक ढंग से प्रदर्शित किया गया है। उद्घाटन के बाद विधायक एवं नगर पालिका अध्यक्ष ने प्रदर्शनी का अवलोकन कर इसे आमजन के लिए उपयोगी पहल बताया।
उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी के माध्यम से लोगों को सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर मिल सकेगी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी। जिला सूचना अधिकारी सतीश कुमार की मौजूदगी में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, कर्मचारियों, पत्रकारों एवं गणमान्य नागरिकों ने सहभागिता की।
प्रदर्शनी 5 से 7 अक्टूबर तक अंबेडकर पार्क में आयोजित होगी। अधिकारियों ने जनपदवासियों से प्रदर्शनी में पहुंचकर योजनाओं की जानकारी लेने की अपील की।
