हमीरपुर। दीपावली, छठ पूजा सहित आगामी त्योहारों के मद्देनजर जनपद में स्वास्थ्य सेवाओं को अलर्ट मोड पर रखने के निर्देश मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ.
अलका शुक्ला ने जारी किए हैं। उन्होंने सभी चिकित्सा इकाइयों के अधीक्षकों एवं प्रभारी चिकित्साधिकारियों को अस्पतालों में आकस्मिक सेवाएं 24 घंटे क्रियाशील रखने तथा चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की ड्यूटी रोस्टर के अनुसार निर्धारित करने को कहा है।
जिला अस्पतालों में आवश्यकतानुसार बेड आरक्षित रखने और अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर स्वास्थ्य कर्मियों का अवकाश स्वीकृत न करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही 108 एंबुलेंस एवं एएलएस सेवाओं को सक्रिय रखने तथा दवाओं और चिकित्सा उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा गया है।
त्योहारों के दौरान आग से झुलसने वाले मरीजों के उपचार के लिए विशेष व्यवस्था करने के साथ अस्पतालों में साफ-सफाई, ऑक्सीजन, निर्बाध बिजली और स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
