1.873 किलोग्राम अफीम के साथ तस्कर गिरफ्तार,
बरेली के थाना अलीगंज पुलिस ने एक अफीम तस्कर से 1 किलो 873 ग्राम अवैध अफीम बरामद की है। आरोपी पहले भी मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में जेल जा चुका है।
अलीगंज पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक तस्कर क्षेत्र में अवैध अफीम की तस्करी करने जा रहा है। सूचना के आधार पर उपनिरीक्षक प्रसून कुमार और उपनिरीक्षक भोजराज सिंह की टीम ने मजार व धर्म कांटा से आगे जोगिनी मंदिर की ओर जाने वाले रास्ते पर घेराबंदी की।
पुलिस टीम ने संदिग्ध अवस्था में जा रहे एक युवक को रोककर तलाशी ली, तो उसके पास से 1 किलो 873 ग्राम अफीम बरामद हुई। पुलिस द्वारा पूछताछ में पकड़े गए आरोपी ने अपना नाम पुरुषोत्तम (उम्र 30 वर्ष) पुत्र बेनीराम, निवासी ग्राम कुण्डरिया फैजुल्लापुर, थाना अलीगंज, बरेली बताया।
थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। आंवला सीओ हेमन्त उपाध्याय के अनुसार, आरोपी पुरुषोत्तम के खिलाफ पूर्व में भी थाना अलीगंज में एनडीपीएस एक्ट का एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है।
आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायालय के समक्ष पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
