बानसूर। दीपावली सहित अन्य त्योहारों का सीजन शुरू होते ही बाजारों में खरीदारी के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ रही है। बाजार में सुबह से लेकर शाम तक ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई है। वहीं बढ़ती भीड़ के साथ यातायात व्यवस्था भी प्रभावित हो रही है। बाजार के मुख्य मार्गों पर बार-बार जाम लगने से वाहन चालकों और राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि बाजार में लगने वाले जाम के कारण लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए काफी देर तक इंतजार करना पड़ता है। कई बार वाहन चालकों को घंटों तक जाम में फंसे रहना पड़ता है। त्योहारों के चलते बाजार में महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों की भी बड़ी संख्या में आवाजाही रहती है, जिससे परेशानी और बढ़ जाती है।
स्थानीय लोगों और व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों के सीजन को देखते हुए प्रशासन की ओर से यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए अभी तक पर्याप्त इंतजाम नजर नहीं आ रहे हैं। बाजार में ट्रैफिक नियंत्रण, पार्किंग व्यवस्था और पुलिसकर्मियों की तैनाती की आवश्यकता महसूस की जा रही है।
आमजन ने प्रशासन से मांग की है कि त्योहारों के मद्देनजर बाजार के मुख्य चौराहों और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाए, वाहनों की पार्किंग के लिए उचित व्यवस्था की जाए तथा यातायात को सुचारू रखने के लिए विशेष ट्रैफिक प्लान लागू किया जाए, ताकि आमजन और व्यापारियों को राहत मिल सके।
