
डिंडौरी आज कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित साप्ताहिक जनसुनवाई में जिलेभर से आए नागरिकों की समस्याओं एवं शिकायतों का संवेदनशीलता के साथ निराकरण किया गया। जनसुनवाई के दौरान कुल 43 आवेदन प्राप्त हुए, जिन पर कलेक्टर द्वारा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शीघ्र समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
जनपद पंचायत अमरपुर अंतर्गत ग्राम बानो, ग्राम पंचायत कोको के ग्रामीणों ने पेयजल संकट को लेकर आवेदन प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि गांव में नल-जल योजना के अंतर्गत पाइपलाइन तो बिछा दी गई है, लेकिन बोर खनन, पानी की टंकी निर्माण एवं घरों में कनेक्शन का कार्य अभी तक नहीं हुआ है। ग्रामीणों ने मांग की कि योजना का कार्य शीघ्र पूर्ण कर पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।
इसी प्रकार जनपद पंचायत डिण्डौरी के ग्राम पंचायत कसमाल के घानामार जलाशय के पट्टे को लेकर भी आवेदन दिया गया। आवेदक ने बताया कि कृषि स्थायी समिति की बैठक में जलाशय को सिताही कुटकी उत्पादक सहकारी समिति को दिए जाने का प्रस्ताव पारित किया गया था, जबकि बाद में अन्य समिति को पट्टा स्वीकृत कर दिया गया। आवेदक ने उक्त आदेश निरस्त कर प्रस्ताव के अनुसार समिति परिवर्तन की मांग की है।
जनसुनवाई में ग्राम रनगांव निवासी शिवचरण उरेती ने हल्का पटवारी द्वारा कार्य में लापरवाही किए जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि उनकी भूमि खसरा नंबर 588/2 में लगे साल के पेड़ों को काटने की अनुमति के लिए 27 नवंबर 2025 को आवेदन दिया था, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश देने की मांग की।
वहीं ग्राम साम्हर निवासी रेनका बाई ने अपनी भूमि खसरा नंबर 112, 109 एवं 110 के नक्शा सुधार आदेश के बावजूद कंप्यूटर अभिलेख में नक्शा दर्ज नहीं होने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि अनुविभागीय अधिकारी राजस्व द्वारा 25 नवंबर 2024 को आदेश जारी किया गया था, लेकिन अब तक नायब तहसीलदार के स्तर पर कंप्यूटर में नक्शा अपडेट नहीं किया गया है। उन्होंने नक्शा अद्यतन कराने हेतु निर्देश जारी करने की मांग की।
जनसुनवाई में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत दिव्यांशु चौधरी, अपर कलेक्टर जेपी यादव, एसडीएम सुश्री भारती मेरावी, डिप्टी कलेक्टर वैधनाथ वासनिक, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रियांशी जैन सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित रहे।