
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर जिला कारागार हमीरपुर में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, उत्साह एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ जेल अधीक्षक, जिला कारागार हमीरपुर श्री मंजीव विश्वकर्मा द्वारा कारागार के मुख्य द्वार पर ध्वजारोहण कर किया गया। इसके उपरांत कारागार परिसर में बन्दियों, सुरक्षा कर्मियों, कार्यालय स्टाफ एवं अधिकारियों की उपस्थिति में ध्वजारोहण किया गया।

इस अवसर पर बन्दियों एवं कारागार कार्मिकों द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। कारापाल श्री प्रभाकान्त पाण्डेय ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए बन्दियों को अनुशासन, सकारात्मक सोच एवं आत्मसुधार के साथ समाज की मुख्यधारा से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
जेल अधीक्षक श्री मंजीव विश्वकर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि कारागार को केवल दंड स्थल के रूप में नहीं, बल्कि सुधार एवं पुनर्वास गृह के रूप में विकसित करने की दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बन्दियों को उपलब्ध कराई जा रही विभिन्न सुविधाओं, उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों तथा पुनर्वास के अवसरों के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए राष्ट्र एवं समाज के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान अपने कर्तव्यों एवं दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने वाले 10 अधिकारी/कार्मिकों तथा कारागार प्रशासन को सहयोग प्रदान करने वाले अनुशासित एवं उत्कृष्ट आचरण वाले 05 बन्दियों को प्रशंसा पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन श्री गजेन्द्र सिंह, अध्यापक द्वारा किया गया। इस अवसर पर कारागार चिकित्साधिकारी डॉ. शंशाक सिंह, डिप्टी जेलर श्री देवेन्द्र कुमार, श्रीमती सर्वेश कुमारी, लेखाकार श्री सुरेश चन्द्र, कनिष्ठ सहायक श्री हर्षित उपाध्याय सहित अन्य कारागार अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

