A2Z सभी खबर सभी जिले की

हमीरपुर में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, मौदहा में निकली भव्य तिरंगा यात्रा

मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट 

हमीरपुर। जनपद हमीरपुर में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास, गर्व और देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। पुलिस कार्यालय से लेकर जनपद के विभिन्न थानों और तहसील क्षेत्रों में ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देकर राष्ट्रगान किया और देश की एकता, अखंडता एवं संप्रभुता की रक्षा का संकल्प लिया।

Related Articles

पुलिस अधीक्षक हमीरपुर ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर ध्वजारोहण कर पुलिसकर्मियों को सत्यनिष्ठा, ईमानदारी और पूर्ण समर्पण के साथ कर्तव्यों का निर्वहन करने की शपथ दिलाई। उत्कृष्ट एवं सराहनीय कार्य करने वाले पुलिस कर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया तथा मिष्ठान वितरण कर सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी गईं।

इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी हमीरपुर एवं अपर पुलिस अधीक्षक ने शहीद पार्क पहुंचकर अमर शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। अधिकारियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले वीर शहीदों के त्याग, साहस और बलिदान को नमन किया।

पुलिस अधीक्षक ने अंबेडकर पार्क पहुंचकर संविधान शिल्पकार भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने डॉ. अंबेडकर के समानता, न्याय और स्वतंत्रता के विचारों को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया।

मौदहा में निकली विशाल तिरंगा यात्रा

मौदहा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मौदहा कस्बे में उपजिलाधिकारी करण वीर सिंह के नेतृत्व में तहसील परिसर से विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। यात्रा में स्कूली छात्र-छात्राओं के साथ कस्बावासियों, अधिवक्ताओं, लेखपालों एवं पुलिस अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।

क्षेत्राधिकारी मौदहा राजकुमार पाण्डेय एवं कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार सिंह सहित पुलिस बल की मौजूदगी में निकली तिरंगा यात्रा में जगह-जगह देशभक्ति का माहौल दिखाई दिया। हाथों में तिरंगा लेकर चल रहे छात्र-छात्राओं और कस्बावासियों ने राष्ट्रभक्ति के नारे लगाए। डीजे और ढोल की धुनों के बीच यात्रा कस्बे की प्रमुख सड़कों से होकर गुजरी।

जनपद के विभिन्न स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में उमड़ी भीड़ और देशभक्ति के रंग ने स्वतंत्रता दिवस के उत्सव को यादगार बना दिया। पूरे जनपद में लोगों ने शहीदों को नमन करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और गौरव को बनाए रखने का संकल्प लिया।

Show More
Back to top button