
नवविवाहिता की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जला देने का मामला
पति, सास, ससुर समेत 11 लोगों को नामजद
संवाददाता। रणजीत कुमार। जहानाबाद। जिले के शकुराबाद थाना क्षेत्र के बंधु बिगहा गांव में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर नवविवाहिता मानसी कुमारी की हत्या कर शव जलाने का मामला सामने आया है। मानसी की शादी वर्ष 2025 में टुनटुन कुमार से हुई थी।
जहानाबाद से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर एक नवविवाहिता की हत्या कर साक्ष्य मिटाने के लिए शव को जला देने का मामला सामने आया है। घटना शकुराबाद थाना क्षेत्र के बंधु बिगहा गांव की बताई जा रही है। वारदात के बाद से ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर फरार हैं। मृतका की पहचान टुनटुन कुमार की पत्नी मानसी कुमारी के रूप में हुई।
जानकारी के अनुसार पटना के जमुई गांव निवासी उजागिर दास ने अपनी बेटी मानसी कुमारी की शादी वर्ष 2025 में हिंदू रीति रिवाज से बंधु बिगहा गांव निवासी अर्जुन दास के पुत्र टुनटुन कुमार के साथ की थी। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल वाले एक लाख रुपये की अतिरिक्त मांग को लेकर मानसी को लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। आर्थिक रूप से कमजोर होने के कारण वे यह मांग पूरी नहीं कर सके।पड़ोसियों से मिली हत्या की सूचनापरिजनों ने बताया कि गांव के पड़ोसियों से उन्हें सूचना मिली कि उनकी बेटी मानसी की हत्या कर दी गई है।
खबर मिलते ही परिवार के लोग आनन फानन में बंधु बिगहा गांव पहुंचे। वहां घर का मुख्य दरवाजा खुला मिला और ससुराल के सभी लोग फरार थे। आरोप है कि हत्या करने के बाद शव को जला दिया गया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। मृतका के पिता ने शकुराबाद थाना में लिखित आवेदन देकर पति, सास, ससुर समेत 11 लोगों को नामजद आरोपी बनाया है। उन्होंने दोषियों की जल्द गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
