

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा हमीरपुर। महीने के पहले शनिवार को आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस पर दिवसाधिकारियों की जानकारी का आभाव, मौसम की मार और बार बार शिकायत के बाद निस्तारण नहीं होने का असर साफ देखा गया और कुल 37 शिकायतें दर्ज की गई जिनमें से किसी भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका।
कस्बे के तहसील सभागार में महीने के पहले शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया जिसकी पहले अध्यक्षता अपर जिलाधिकारी और अपर पुलिस अधीक्षक ने और बाद में मुख्य विकास अधिकारी ने की। इस दौरान पुलिस, राजस्व, पूर्ति, किसान सम्मान निधि, अवैध कब्ज़ा जैसे मामलों को लेकर कुल 37शिकायतें दर्ज की गई जिनमे से किसी भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं किया जा सका। कस्बे के अरशद इस्लाम ने गैंगस्टर और भूमाफिया मुईन उददीन उर्फ़ जुम्मू सहित सहयोगियों पर फसल काट ले जाने की शिकायत दर्ज कराई, तो बडा कसौडा निवासी सददाम ने अपनी बहिन के अपहरण और पुलिस पर कार्यवाही नहीं करने का आरोप लगाया।जबकि कोतवाली क्षेत्र के मंकराव निवासी प्रभुदयाल ने गांव के कामता और श्याम बाबू आदि के विरुद्ध अपनी पत्नी के साथ मारपीट और पुलिस द्वारा कार्यवाही नहीं करने की बात करते हुए अपनी शिकायत दर्ज कराई, इसके अतिरिक्त जमीनी विवाद, राशनकार्ड, पीएम किसान सम्मान निधि नहीं मिलने जैसे मामले भी छाए रहे।बताते चलें कि क्षेत्र में खेती के सीजन में बदलते मौसम, समाधान दिवस पर आने वाले अधिकारियों की जानकारी का आभाव और बार बार शिकायत के बाद समाधान नहीं होने के कारण फरियादियों की संख्या दिन ब दिन घटती जा रही है।