गणेश पाण्डे , अखंड भारत समाचार डिण्डौरी 30 अगस्त 2026
डिंडोरी। विकास और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं के दावों के बीच ग्रामीण क्षेत्रों में बदहाल सड़कें आज भी गंभीर समस्या बनी हुई हैं। ऐसा ही मामला जिले के पंकू टोला से सामने आया, जहां सड़क व सुगम पहुंच मार्ग के अभाव में तीन दिन से बीमार एक महिला मरीज को ग्रामीणों ने खाट पर लिटाकर पैदल मुख्य मार्ग तक पहुंचाया। इसके बाद मरीज को वाहन से अस्पताल ले जाया जा सका।
जानकारी के अनुसार पंकू टोला निवासी एक वृद्ध महिला कमला बाई बीते तीन दिनों से अस्वस्थ थीं। हालत बिगड़ने पर परिजन उन्हें उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले जाना चाहते थे, लेकिन गांव तक वाहन पहुंचने योग्य रास्ता नहीं होने के कारण एंबुलेंस सहित अन्य वाहन गांव तक नहीं पहुंच सके। मजबूरी में ग्रामीणों ने खाट को ही मरीज के लिए एंबुलेंस का विकल्प बनाया और उसे कंधों पर उठाकर पैदल मुख्य मार्ग तक पहुंचाया।
ग्रामीणों ने बताया कि पंकू टोला में आवागमन की समस्या लंबे समय से बनी हुई है। बारिश के दौरान स्थिति और अधिक खराब हो जाती है। रास्ता खराब होने के कारण गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों, बच्चों और गंभीर मरीजों को अस्पताल पहुंचाने में सबसे अधिक परेशानी होती है। आपात स्थिति में समय पर उपचार नहीं मिल पाने से मरीज और परिजनों की चिंता बढ़ जाती है।
ग्रामीणों का कहना है कि पूर्व में भी सड़क की समस्या जिम्मेदार अधिकारियों के संज्ञान में लाई जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थायी समाधान नहीं हुआ। उनका कहना है कि सड़क केवल आवागमन का साधन नहीं, बल्कि ग्रामीणों के लिए स्वास्थ्य, शिक्षा और रोजगार जैसी मूलभूत सुविधाओं तक पहुंच का माध्यम है।
ग्रामीणों ने की स्थायी सड़क निर्माण की मांग
ग्रामीणों ने प्रशासन से गांव की वास्तविक स्थिति का निरीक्षण कर सर्वमौसम सड़क का निर्माण कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि जब तक गांव तक सड़क नहीं बनेगी, तब तक किसी भी आपात स्थिति में मरीजों को इसी तरह खाट या अन्य साधनों से मुख्य मार्ग तक ले जाने की मजबूरी बनी रहेगी।
ग्रामीणों ने सवाल उठाया कि सरकार ग्रामीण क्षेत्रों में विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर लगातार योजनाएं संचालित कर रही है, लेकिन सड़क जैसी मूलभूत सुविधा के अभाव में इन योजनाओं का लाभ जरूरतमंदों तक कैसे पहुंचेगा। उन्होंने जिला प्रशासन से मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र सड़क निर्माण की कार्रवाई करने की मांग की है।

