
समाहरणालय सभागार में सेवानिवृत्त हो रहे पदाधिकारी एवं कर्मचारियों के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने सेवानिवृत्त पदाधिकारी एवं कर्मचारियों की वर्षों की समर्पित सेवा की सराहना करते हुए उनके अनुकरणीय कार्यों की प्रशंसा की तथा सुखमय, स्वस्थ एवं सफल सेवानिवृत्त जीवन के लिए शुभकामनाएं दीं।
समारोह में सेवानिवृत्त होने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों में अपर उपायुक्त श्री भागीरथ प्रसाद, नाजीर श्री दीपक साहा, आशुलिपिक श्री उपेंद्र रजक एवं श्री सुनील सेठी, अनुसेवी श्रीमती वंदना देवी, श्रीमती साबू देवी तथा श्री थॉमस तिरू शामिल थे।
इस अवसर पर एसओआर श्री राहुल जी आनंद जी, डीटीओ श्री धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी श्रीमती प्रियंका सिंह, जिला कल्याण पदाधिकारी श्री शंकराचार्य समद, एसडीएम धालभूम श्री चन्द्रजीत सिंह, जिला भू-अर्जन पदाधिकारी श्रीमती गुंजन सिन्हा सहित कई अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
सेवानिवृत्त होने वाले पदाधिकारी एवं कर्मचारियों को शॉल, फूलों के गुलदस्ते एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। सेवानिवृत्त कर्मियों ने अपने अनुभव साझा करते हुए सेवाकाल के दौरान मिले सहयोग, मार्गदर्शन एवं सौहार्द के लिए आभार व्यक्त किया।
समारोह का समापन सभी उपस्थितजनों की हार्दिक शुभकामनाओं के साथ हुआ, जिसमें सेवानिवृत्त पदाधिकारी एवं कर्मचारियों के अमूल्य योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल एवं सुखमय भविष्य की कामना की गई।
— आनंद किशोर
