खरगोन पुलिस की बड़ी स्ट्राइक: अवैध हथियारों के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, 8 पिस्टल और 2 बाइक ज़ब्त
खरगोन/भीकनगांव: अवैध हथियारों की तस्करी के खिलाफ अभियान चलाते हुए खरगोन पुलिस ने दो अलग-अलग थाना क्षेत्रों में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने कुल 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 8 देसी पिस्टल और तस्करी में उपयोग की गई 2 मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। गोगावां पुलिस की कार्रवाई: महाराष्ट्र का आरोपी पल्सर के साथ पकड़ाया थाना गोगावां पुलिस ने घेराबंदी कर महाराष्ट्र से हथियार खरीदने आए एक आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी के पास से 5 देसी पिस्टल (कीमत ₹1,25,000) और एक महाराष्ट्र पासिंग पल्सर मोटरसाइकिल (कीमत ₹1,00,000) ज़ब्त की गई है। आरोपी अवैध हथियारों की खेप ले जाने की फिराक में था। भीकनगांव पुलिस की कार्रवाई: राजस्थान का शातिर अपराधी गिरफ्तार दूसरी बड़ी कार्रवाई भीकनगांव थाना अंतर्गत बमनाला चौकी पुलिस द्वारा की गई। यहाँ पुलिस ने राजस्थान के एक खरीदार और एक बिचौलिए को धर दबोचा। इनके कब्जे से 3 देसी पिस्टल (कीमत ₹75,000) और एक मोटरसाइकिल (कीमत ₹50,000) बरामद हुई है। चौंकाने वाली बात यह है कि राजस्थान के आरोपी पर पूर्व से ही 4 आर्म्स एक्ट के प्रकरण दर्ज हैं। कुल ₹3.50 लाख का मशरूका ज़ब्त दोनों कार्रवाइयों में पुलिस ने कुल मिलाकर लगभग ₹3,50,000 का माल (पिस्टल और मोटरसाइकिल) बरामद किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में अवैध हथियारों की सप्लाई चेन को तोड़ने के लिए पूछताछ जारी है।