

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
मौदहा हमीरपुर।ईद के त्यौहार के चलते शनिवार के बजाय सोमवार को आयोजित समाधान दिवस पर मण्डलायुक्त और पुलिस उपमहानिरीक्षक ने पहुंच कर समस्याओ को सुना और शीघ्र निस्तारण का आदेश दिया इसके बाद मण्डलायुक्त ने सीएचसी का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्था देख नाराजगी जताई।

चित्रकूटधाम मण्डल बाँदा के आयुक्त अजीत कुमार ने सोमवार को तहसील मौदहा में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर फरियादियों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के सख्त निर्देश दिए। इस दौरान लगभग 20 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनके निस्तारण के लिए आयुक्त ने तीन दिन के भीतर आख्या उपलब्ध कराने को कहा।

समाधान दिवस में उप महानिरीक्षक राजेश एस. भी मौजूद रहे। आयुक्त ने विभागीय अधिकारियों को नियमित क्षेत्र भ्रमण कर मौके पर जनसमस्याओं का समाधान करने, पात्रों तक योजनाओं का लाभ पारदर्शिता के साथ पहुंचाने तथा जनता को अनावश्यक रूप से दफ्तरों के चक्कर न लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व अधिकारियों को एलपीजी गैस गोदामों की नियमित जांच कर कालाबाजारी व ओवररेटिंग पर कठोर कार्रवाई के आदेश दिए।
समाधान दिवस के बाद आयुक्त ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मौदहा का औचक निरीक्षण किया, जहां ड्यूटी रोस्टर गायब, मरीजों की भारी भीड़ को लेकर नाराजगी जताई।
आयुक्त ने साफ कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने चेतावनी दी कि अव्यवस्था दोबारा मिलने पर जिम्मेदार अधिकारियों-कर्मचारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।