A2Z सभी खबर सभी जिले की

हमीरपुर :तिरंगा हमारी आन, बान और शान का प्रतीक है—प्रभारी मंत्री जी

मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट 

हमीरपुर। हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत जिला पर्यटन एवं संस्कृति परिषद तथा जिला प्रशासन के संयुक्त तत्वावधान में राजकीय महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, हमीरपुर में तिरंगा महोत्सव एवं तिरंगा कॉन्सर्ट का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि मा० मंत्री जल शक्ति एवं प्रभारी मंत्री हमीरपुर श्री रामकेश निषाद ने दीप प्रज्वलित कर किया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विद्यार्थियों एवं जनपद के गणमान्य नागरिकों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

Related Articles

इस अवसर पर प्रभारी मंत्री श्री रामकेश निषाद ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है। देश की स्वतंत्रता और तिरंगे की गरिमा के लिए सैकड़ों वीर शहीदों ने अपने प्राणों का बलिदान दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है कि वह तिरंगे की शान और देश के गौरव को बनाए रखने के लिए अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करे। उन्होंने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं शहीदों के त्याग और बलिदान को नमन करते हुए कहा कि नई पीढ़ी को उनके जीवन से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में अपना योगदान देना चाहिए।

कार्यक्रम में जनपद के स्थानीय कलाकार मलय सोनकर एवं उनकी संगीत टीम द्वारा प्रस्तुत देशभक्ति गीतों ने पूरे वातावरण को राष्ट्रभक्ति की भावना से ओत-प्रोत कर दिया। विशेष रूप से ‘ऐ मेरे वतन के लोगों, जरा आंख में भर लो पानी’ गीत की भावपूर्ण प्रस्तुति ने उपस्थित लोगों को भावुक कर दिया और अनेक लोगों की आंखों में आंसू छलक उठे। इसके साथ ही विभिन्न विद्यालयों एवं महाविद्यालयों की छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओत-प्रोत नृत्य एवं गायन प्रस्तुतियां दी गईं, जिन्हें उपस्थित दर्शकों ने उत्साहपूर्वक सराहा।

कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री श्री रामकेश निषाद, मा० सदर विधायक डॉ. मनोज कुमार प्रजापति, मा० राठ विधायक श्रीमती मनीषा अनुरागी, उप सभापति उत्तर प्रदेश कोऑपरेटिव यूनियन श्री बृजकिशोर गुप्ता एवं नगर पालिका अध्यक्ष श्री कुलदीप निषाद सहित अन्य जनप्रतिनिधियों द्वारा महाविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किया गया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने जनपद के स्थानीय कलाकारों को प्रोत्साहित करते हुए उनकी प्रस्तुतियों की सराहना की।

हर घर तिरंगा अभियान के प्रति जनभागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से कार्यक्रम स्थल पर तिरंगा सेल्फी बूथ भी स्थापित किया गया, जहां जनप्रतिनिधियों एवं उपस्थित लोगों ने उत्साहपूर्वक सेल्फी लेकर अभियान के प्रति अपनी सहभागिता दर्ज कराई। कार्यक्रम में सभी ने सामूहिक रूप से ‘वंदे मातरम्’ का गायन कर राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता एवं देशभक्ति की भावना को अभिव्यक्त किया।

 

कार्यक्रम स्थल पर जनपद के विभिन्न विभागों द्वारा अपनी विभागीय उपलब्धियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी लगाई गई। प्रदर्शनी के माध्यम से आमजन को शासन की विभिन्न योजनाओं, विकास कार्यों एवं विभागीय उपलब्धियों की जानकारी प्रदान की गई।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्री अरुण सिंह, डिप्टी कमिश्नर एनआरएलएम श्री ज्ञानप्रकाश, डीसी मनरेगा श्री राघवेंद्र सिंह, पर्यटन सूचना अधिकारी डॉ. चित्रगुप्त श्रीवास्तव, सूचना अधिकारी सतीश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि, स्थानीय कलाकार, विद्यार्थी एवं जनपद के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

कार्यक्रम ने राष्ट्रभक्ति, संस्कृति, कला और जनभागीदारी का सुंदर समन्वय प्रस्तुत करते हुए हर घर तिरंगा अभियान के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम बनाया।

Show More
Back to top button