
पूर्व विधायक राहुल शर्मा ने जदयू छोड़कर राजद का थाम लिया दामन
भूमिहार मतदाताओं को साधने का प्रयास
संवाददाता। रणजीत कुमार। जहानाबाद। के पूर्व विधायक राहुल शर्मा ने जदयू छोड़कर राजद का दामन थाम लिया है। उनके घोसी विधानसभा क्षेत्र से राजद के उम्मीदवार बनने की संभावना है। राहुल शर्मा, मगध क्षेत्र के कद्दावर भूमिहार नेता और पूर्व सांसद जगदीश शर्मा के बेटे हैं। यह कदम बिहार में चुनावी मौसम के बीच आया है, जहां राजद भूमिहार मतदाताओं को साधने का प्रयास कर रही है। जगदीश शर्मा को जमीनी और जनाधार वाले नेता के रूप में जाना जाता है। वे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के छात्र जीवन के मित्र भी रहे हैं, और उनकी दोस्ती की राजनीतिक गलियारों में अक्सर चर्चा होती रही है। राहुल शर्मा का राजद में शामिल होना तेजस्वी यादव का मगध क्षेत्र में भूमिहार वोटों को आकर्षित करने का एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
राहुल शर्मा का परिवार राजनीति में गहरा जुड़ाव रखता है। उनके पिता जगदीश शर्मा 1977 से 2009 तक लगातार घोसी से 8 बार विधायक रहे। 2009 में जदयू से सांसद बनने के बाद, घोसी उपचुनाव में उनकी पत्नी शांति शर्मा विधायक चुनी गई थीं। राहुल शर्मा स्वयं 2010 से 2015 तक घोसी से जदयू के विधायक रह चुके हैं।