
देशभर के टोल प्लाजा पर लगातार हो रही अप्रिय घटनाओं को लेकर मानवाधिकार सुरक्षा आयोग संगठन (MSSO) के प्रांतीय सचिव (प्रशासनिक संगठन) झारखंड एवं अखंड भारत न्यूज़ के ब्यूरो चीफ आनंद किशोर ने भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) तथा केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री से तत्काल संज्ञान लेने की मांग की है।
आनंद किशोर ने कहा कि आए दिन टोल प्लाजा पर विवाद, मारपीट और दुर्घटनाओं की घटनाएं सामने आ रही हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने मांग की कि हर टोल प्लाजा पर एक प्रशिक्षित डॉक्टर, आवश्यक दवाइयां तथा आपातकालीन चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए, ताकि किसी भी दुर्घटना या अप्रिय स्थिति में पीड़ित को अस्पताल पहुंचने तक प्राथमिक उपचार मिल सके।
उन्होंने हाल ही में उत्तर प्रदेश के एक टोल प्लाजा पर अधिवक्ताओं के साथ हुई दुर्भाग्यपूर्ण घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि ऐसी घटनाएं कानून व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल खड़े करती हैं।
साथ ही उन्होंने यह भी मांग की कि देशभर में कार्यरत मीडिया, प्रेस एवं पत्रकारों को टोल शुल्क से मुक्त किया जाए, ताकि वे बिना किसी बाधा के स्वतंत्र रूप से अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें।
आनंद किशोर ने कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और उसके साथ किसी भी प्रकार का भेदभाव या अवरोध अनुचित है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस दिशा में शीघ्र ठोस निर्णय लेने की अपील की।
यह मांग मानवाधिकार सुरक्षा आयोग संगठन (MSSO), अखंड भारत न्यूज़, एवं ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन (AIMA) के माध्यम से रखी गई है।