A2Z सभी खबर सभी जिले की

दोलमाबेड़ा में उपायुक्त का जनसंवाद, समाधान का भरोसा

 

पूर्वी सिंहभूम, जमशेदपुर।

उपायुक्त श्री कर्ण सत्यार्थी ने बुधवार को मुसाबनी प्रखंड अंतर्गत फॉरेस्ट ब्लॉक पंचायत के दोलमाबेड़ा गांव का दौरा कर ग्रामीणों से सीधा संवाद किया। इस दौरान ग्रामीणों ने पारंपरिक तरीके से उपायुक्त का स्वागत किया। उपायुक्त ने दोलमाबेड़ा, बोकसीकली, कुंदाबेड़ा, आम्बाजुड़ी, गुंडीबेला एवं बालूबासा टोला के ग्रामीणों के साथ ज़मीन पर बैठकर उनकी समस्याएं सुनीं और समाधान का भरोसा दिलाया।

ग्रामीणों ने बताया कि मरीजों एवं गर्भवती महिलाओं को समय पर एम्बुलेंस या ममता वाहन उपलब्ध नहीं हो पाता है। इस पर उपायुक्त ने एचसीएल के सीएसआर फंड से फॉरेस्ट ब्लॉक पंचायत के लिए एक एम्बुलेंस उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। मोबाइल नेटवर्क की समस्या को लेकर अंचलाधिकारी को मोबाइल टावर हेतु स्थल चिन्हित कर प्रस्ताव तैयार करने का निर्देश दिया गया।

Related Articles

जाति प्रमाण पत्र निर्गत करने में हो रही देरी की शिकायत पर उपायुक्त ने पंचायत सचिव का वेतन रोकने का सख्त निर्देश दिया। संवाद के दौरान उपायुक्त ने टोला के दो अनाथ बच्चों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली तथा सरकार की स्पॉन्सरशिप योजना के अंतर्गत बच्चों की बेहतर शिक्षा के लिए अगले सत्र में नेताजी सुभाष विद्यालय में नामांकन एवं छात्रावास भेजने हेतु उनके अभिभावक को प्रेरित किया।

क्षेत्र भ्रमण के क्रम में उपायुक्त ने दोलमाबेड़ा झरना का भी अवलोकन किया। ग्रामीणों ने मिनी आंगनबाड़ी केंद्र की स्थापना, दोलमाबेड़ा झरना को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित करने, दोलमाबेड़ा–बेकसिकली–गोंदीबेड़ा के बीच पीसीसी पथ निर्माण, आधार कार्ड एवं जन्म प्रमाण पत्र से जुड़ी समस्याओं को भी रखा। उपायुक्त ने सभी मुद्दों को गंभीरता से सुनते हुए हर संभव सहयोग एवं समाधान का भरोसा दिलाया।

इस अवसर पर पंचायत के मुखिया श्री पोरमा बानरा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित थे।

आनंद किशोर

ब्यूरो चीफ, अखंड भारत न्यूज़

ऑल इंडिया मीडिया एसोसिएशन (AIMA)

Show More

ANAND KISHOR JAMSHEDPUR JHARKHAND

सेवा परमो धर्म:
Back to top button
error: Content is protected !!