

हमीरपुर से ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
सुमेरपुर हमीरपुर । लोक निर्माण विभाग द्वारा करीब तीन वर्ष पूर्व बिदोखर से बंडा गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क का कराया गया डामरीकरण अब पूरी तरह उखड़ने लगा है। सड़क की गिट्टियां बाहर निकल आई हैं और जगह-जगह गहरे गड्ढे बन जाने से आवागमन कठिन हो गया है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं कराई गई तो सड़क पूरी तरह चलने लायक नहीं बचेगी।बंडा गांव के प्रधान प्रतिनिधि महेंद्र सिंह सहित देवेंद्र सिंह,वीरेंद्र सिंह, इंद्रपाल, ऐनुद्दीन, रसपाल, वरदानी, श्यामबाबू व अन्य ग्रामीणों ने सड़क की बदहाली के लिए निर्माण कार्य में बरती गई कथित अनियमितताओं को जिम्मेदार ठहराया है। उनका आरोप है कि निर्माण के दौरान मानकों की अनदेखी की गई और घटिया सामग्री का प्रयोग किया गया, जिसके कारण सड़क गारंटी अवधि के आसपास ही क्षतिग्रस्त हो गई।ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मामले की जांच कराकर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई तथा सड़क की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि मानसून की तेज बारिश से पहले सड़क की मरम्मत नहीं हुई तो इसके पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने की आशंका है। इससे बिदोखर और बंडा सहित आसपास के हजारों ग्रामीणों का आवागमन प्रभावित होगा तथा ब्लॉक और जिला मुख्यालय तक पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ेगा।