दीपक शर्मा जिला ब्यूरोचिफ आलीराजपुर
जोबट
भाजपा नेताओं और मुख्यमंत्री पर तीखा हमला, बोलीं—“बुद्धि भ्रष्ट हो गई है”
जोबट विधानसभा के रजितगढ़ एवं बेहड़िया पंचायत में विद्युत डीपी उद्घाटन करने कांग्रेस विधायक सेना पटेल पहुंची थीं जहां अपने भाषण के दौरान विधायक सेना महेश पटेल ने भाजपा सरकार, मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा नेताओं पर तीखा राजनीतिक हमला बोला। उन्होंने कहा कि भाजपा नेताओं और मुख्यमंत्री की बुद्धि भ्रष्ट हो गई है। उन्होंने सरकार से जनता की समस्याओं और विकास कार्यों पर गंभीरता से ध्यान देने की बात कही।
विधायक ने महंगाई, पेट्रोल-डीजल की बढ़ती कीमतों, खाद की कीमतों, किसानों की समस्याओं और रोजगार के मुद्दों को उठाते हुए भाजपा सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि किसानों पर महंगे खाद और कृषि सामग्री का बोझ बढ़ रहा है, वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं की स्थिति चिंताजनक है।
उन्होंने कहा कि गरीब और आदिवासी परिवारों को छोटे-छोटे सरकारी कामों के लिए भी अनेक कार्यालयों के चक्कर लगाने पड़ते हैं। सरकार को इन समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से करना चाहिए।
“आदिवासी समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए एकजुट होना होगा”
विधायक सेना महेश पटेल ने आदिवासी समाज के अधिकारों, जमीन, जंगल और रोजगार की सुरक्षा का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि आदिवासी समाज के हितों की रक्षा के लिए सभी को एकजुट होकर संघर्ष करना होगा।
उन्होंने ग्रामीणों से कांग्रेस को मजबूत करने और अपने अधिकारों की रक्षा के लिए राजनीतिक रूप से जागरूक रहने का आह्वान किया। विधायक ने कहा कि वह क्षेत्र की जनता के साथ परिवार की तरह जुड़ी हुई हैं और जहां भी उनकी आवश्यकता होगी, वह जनता के साथ खड़ी रहेंगी।
जोबट विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत रजितगढ़ एवं ग्राम बेहड़िया में ग्रामीणों की विद्युत समस्या के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल करते हुए जोबट विधायक सेना महेश पटेल ने विधायक निधि से लगभग 10 लाख रुपये की लागत से स्थापित 2 विद्युत ट्रांसफार्मर (डीपी) का उद्घाटन किया। इसके साथ ही पंचायत वित्त से स्थापित 6 विद्युत डीपी का भी उद्घाटन किया गया। विद्युत डीपी की स्थापना से ग्रामीणों को बिजली संबंधी समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम में विधायक सेना महेश पटेल का ग्रामीणों ने ढोल-धमाकों और फूलमालाओं से जोरदार स्वागत किया। ग्रामीणों के बीच पहुंचीं विधायक खुशी में ग्रामीणों के साथ थिरकती और नृत्य करती नजर आईं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीण, कार्यकर्ता एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
“जनता ने मुझे काम करने के लिए विधायक बनाया है”
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक सेना महेश पटेल ने कहा कि रजितगढ़ एवं बेहड़िया क्षेत्र के लोगों ने बिजली और सड़क की समस्याएं उनके सामने रखी थीं। जनता की मांग और पंचायत प्रतिनिधियों के आग्रह पर विद्युत डीपी लगवाने की पहल की गई।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में 12 डीपी के लिए प्रयास किए गए हैं, जिनमें से 8 डीपी का उद्घाटन किया जा रहा है। विधायक ने कहा कि ग्रामीणों की मांग पर सड़क निर्माण के लिए भी लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। संबंधित सड़कों के लिए पत्र लिखे गए हैं और सर्वे की प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है।
विधायक ने कहा कि पाताल फलिया से मिडिल स्कूल तथा बोर फलिया से नरपुरा तक सड़क निर्माण की मांग को लेकर भी प्रयास जारी हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि विधायक का काम प्रस्ताव भेजना, स्वीकृति दिलाने का प्रयास करना और विधानसभा में जनता की आवाज उठाना है, जबकि बजट उपलब्ध कराना सरकार की जिम्मेदारी है।
“भोपाल में आपके गांव की आवाज उठाना मेरी जिम्मेदारी”
विधायक सेना महेश पटेल ने कहा कि वह क्षेत्र की समस्याओं को लेकर लगातार भोपाल और प्रशासन के सामने आवाज उठाती हैं। चाहे सड़क का मामला हो, स्कूल, आंगनवाड़ी, बिजली, पेयजल या अन्य जनसमस्याएं—विधानसभा में क्षेत्र की आवाज उठाना उनकी प्राथमिकता है।
उन्होंने कहा, “आप लोगों ने मुझे विधायक बनाया है। मैं आपकी समस्याएं सुनने और उनके समाधान के लिए काम करने आई हूं। आपने टैंकर की मांग की, तो टैंकर की व्यवस्था की गई। आपने डीपी की मांग की, तो डीपी लगवाने का प्रयास किया। आपने सड़क की मांग की, तो उसके लिए विधानसभा और सरकार के सामने बात रखी। मैं जनता के काम के लिए पीछे हटने वाली नहीं हूं।”
जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में पूर्व जिला अध्यक्ष ओम प्रकाश राठौर, वरिष्ठ कांग्रेस नेता आराम पटेल, सरदार अजनार, ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद डावर, सोनू वर्मा, लक्की राठौर, ग्राम सरपंच रुमा बामनिया, ग्राम सरपंच प्रतिनिधि करण सिंह बामनिया, नवल सिंह, बंसी भाई बोरी ,विसन भाई सहित ग्राम के कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने विद्युत डीपी की स्थापना एवं उद्घाटन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए विधायक सेना महेश पटेल का आभार जताया और क्षेत्र की अन्य समस्याओं के निराकरण की मांग रखी।
