मंडला जिले में चार हाथियों के विचरण को लेकर वन विभाग सतर्क, ग्रामीणों की सुरक्षा के लिए लगातार किए जा रहे प्रयास
कान्हा टाइगर रिजर्व एवं पूर्व सामान्य वनमंडल का मैदानी अमला अलर्ट मोड पर, वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा की जा रही सतत निगरानी
मंडला जिले में चार हाथियों के दल के प्रवेश के पश्चात वन विभाग द्वारा विशेष सतर्कता बरती जा रही है। उल्लेखनीय है कि चार हाथियों का यह दल 23 नवंबर को छत्तीसगढ़ की सीमा पार कर कान्हा टाइगर रिजर्व के फेन अभ्यारण्य में पहुंचा था। इसके पश्चात से हाथियों का यह दल फेन अभ्यारण्य से आगे बढ़ते हुए पूर्व सामान्य वनमंडल के मवई, मोतीनाला एवं गढ़ी परिक्षेत्रों के वन क्षेत्रों में विचरण कर रहा है।
हाथियों के विचरण के दौरान ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ-साथ वन्यजीवों को भी सुरक्षित विचरण का अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कान्हा टाइगर रिजर्व एवं पूर्व सामान्य वनमंडल का मैदानी अमला पूरी सतर्कता के साथ कार्य कर रहा है। वन विभाग द्वारा हाथियों की लोकेशन की निगरानी की जा रही है तथा आसपास के ग्रामों में मुनादी के माध्यम से ग्रामीणों को सतर्क एवं जागरूक किया जा रहा है। इस कार्य में राजस्व, विद्युत, कृषि एवं पुलिस विभाग सहित अन्य संबंधित विभागों का भी निरंतर सहयोग प्राप्त किया जा रहा है।
