हमीरपुर। थाना समाधान दिवस के अवसर पर जिलाधिकारी श्री अशोक कुमार ने थाना मझगवां पहुंचकर फरियादियों की शिकायतें गंभीरतापूर्वक सुनीं।
इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि थाने में आने वाले प्रत्येक फरियादी की समस्या को पूरी गंभीरता से लेते हुए उसका निष्पक्ष, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। जिलाधिकारी ने विशेष रूप से भूमि विवाद, अवैध कब्जे, अतिक्रमण एवं एंटी भूमाफिया से संबंधित शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए पुलिस और राजस्व विभाग की संयुक्त टीमें गठित कर मौके पर जांच कराने तथा प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में दोनों विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, जिससे शिकायतों का निस्तारण पारदर्शी तरीके से हो सके और पीड़ितों को अनावश्यक रूप से अधिकारियों के चक्कर न लगाने पड़ें। डीएम ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों को केवल कागजों पर निस्तारित करने के बजाय मौके पर वास्तविक स्थिति की जांच की जाए और शिकायतकर्ता को कार्रवाई से संतुष्ट किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जनसमस्याओं के समाधान में लापरवाही, उदासीनता अथवा अनावश्यक विलंब किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि थाना समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर प्रभावी समाधान करना है।
इसलिए थाने पर पहुंचने वाले प्रत्येक फरियादी की बात संवेदनशीलता और सम्मान के साथ सुनी जाए तथा उसे न्याय दिलाने के लिए पूरी जिम्मेदारी से कार्रवाई की जाए।
