डिंडोरी, 28 नवंबर 2026, शनिवार। सरस्वती शिक्षा परिषद की योजनानुसार आज सरस्वती शिशु मंदिर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, डिंडोरी में जिला प्राचार्य, प्रधानाचार्य एवं जिला टोली की बैठक संपन्न हुई।
बैठक में तिलक बाल कल्याण समिति के अध्यक्ष अशोक कुमार अवधिया, व्यवस्थापक नरेन्द्र सिंह राजपूत, प्रारंभिक शिक्षा क्षेत्र संयोजक / जिला पालक संयोजक राम बहोरी पटेल, संस्था प्रमुख मनोजपुरी गोस्वामी, ग्राम भारती जिला समन्वयक दिलीप नंदा, ग्राम भारती जिला सचिव मनोहर ठाकुर, वनांचल शिक्षा जिला समन्वयक बेनी प्रसाद साहू आदि उपस्थित रहे।
बैठक का शुभारंभ माँ सरस्वती, ॐ एवं भारत माता के तैल चित्रों पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन तथा माँ सरस्वती की वंदना से हुआ।
बैठक का संचालन प्रधानाचार्य श्रीमती संतोषी सोनी द्वारा किया गया।
बैठक में जिला पालक संयोजक राम बहोरी पटेल का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। उन्होंने विद्या भारती के अमृत महोत्सव हेतु व्यक्तिगत लक्ष्य पर चर्चा करते हुए कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को पालक संपर्क, नवीन प्रवेश, पूर्व छात्र संपर्क एवं सेवा कार्य का व्यक्तिगत लक्ष्य लेकर चलना चाहिए।
उन्होंने प्रवेश, परीक्षा एवं परिणाम के आधार पर विद्यालय के उन्नयन हेतु उसके क्रियान्वयन पक्ष पर जोर देते हुए कहा कि केवल योजना बनाना नहीं, बल्कि उसे धरातल पर उतारना ही सच्चा कार्य है।
बैठक में अध्यक्ष अशोक कुमार अवधिया का आशीष प्राप्त हुआ। जिला टोली बैठक में जिला सचिव संजय साहू की उपस्थिति रही। बैठक में जिले के समस्त विद्यालयों को सशक्त बनाने तथा नियमित प्रवास हेतु चर्चा की गई।
अंत में आभार प्रदर्शन प्रभारी प्रधानाचार्य ओम प्रकाश श्रीवास द्वारा किया गया। इस अवसर पर समस्त आचार्य परिवार उपस्थित रहा। कल्याण मंत्र के साथ बैठक का समापन हुआ।
