
कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने ली जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक,राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की गहन समीक्षा
बाल विवाह रोकथाम को लेकर दिलाई शपथ
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुरना – अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय सौसर के सभा कक्ष में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य जिले में संचालित राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा करना एवं स्वास्थ्य सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना रहा।
बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी श्री नरेश गोन्नाडे द्वारा जिले में संचालित समस्त राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों का विस्तृत प्रस्तुतिकरण किया गया। प्रस्तुतिकरण के दौरान एएनसी पंजीयन की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाए जाने पर कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने नाराजगी व्यक्त की तथा आगामी बैठक दिनांक 24 फरवरी 2026 तक एएनसी पंजीयन को न्यूनतम 75 प्रतिशत तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में मॉडरेट एनीमिया की पहचान एवं प्रबंधन चिकित्सा अधिकारियों, एएनएम एवं सीएचओ द्वारा सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए गए। साथ ही पीआईएच (PIH) की पहचान एवं प्रबंधन को और अधिक बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने निर्देशित किया कि जिले में सभी एएनसी गर्भवती महिलाओं की सिकल सेल जांच शत-प्रतिशत की जाए।
एनआरसी (NRC) में कुपोषित बच्चों को भर्ती कराने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग को शत-प्रतिशत लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। वहीं एनबीएसयू (NBSU) में भर्ती नवजात शिशुओं को अधिक संख्या में रेफर किए जाने की स्थिति पर चिंता व्यक्त करते हुए इसकी जांच कराने के निर्देश भी कलेक्टर द्वारा दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग के सभी कार्यक्रमों की नियमित समीक्षा के निर्देश देते हुए कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने कहा कि जिले के ग्रामों में संचालित आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में प्रति सप्ताह अनुविभागीय अधिकारी द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा की जाए। इसके साथ ही जिला पांढुर्णा में नसबंदी से संबंधित निर्धारित लक्ष्यों को पूर्ण करने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को सर्जन की व्यवस्था सुनिश्चित कर अधिक से अधिक नसबंदी शिविर आयोजित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान सामाजिक सरोकारों पर भी विशेष ध्यान देते हुए कलेक्टर श्री वशिष्ठ द्वारा उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बाल विवाह के प्रति जागरूक करने एवं बाल विवाह रोकथाम के लिए शपथ भी दिलाई गई, जिससे समाज में इस कुप्रथा के उन्मूलन की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकें।
बैठक में अपर कलेक्टर (ADM) श्री नीलमणि अग्निहोत्री, संयुक्त कलेक्टर सुश्री नेहा सोनी, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सौसर श्री सिद्धार्थ पटेल, स्वास्थ्य विभाग के जिला कार्यक्रम नोडल अधिकारी, महिला एवं बाल विकास विभाग के कार्यक्रम अधिकारी तथा ब्लॉक नोडल अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए स्वास्थ्य योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, सामाजिक जागरूकता एवं लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।


ji