
*नारकोटिक्स नियंत्रण एवं MedLEaPR प्लेटफॉर्म के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला स्तरीय NCORD समिति की बैठक सम्पन्न*
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
पांढुरना – जिले में नशामुक्ति को सुदृढ़ करने तथा मादक पदार्थों के अवैध उपयोग एवं विक्रय पर प्रभावी नियंत्रण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आज जिला दण्डाधिकारी श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में नारकोटिक्स कोऑर्डिनेशन (NCORD) एवं MedLEaPR की जिला स्तरीय समिति की बैठक एसडीएम कार्यालय, सौसर में आयोजित की गई।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री सुंदर सिंह कनेश, अपर कलेक्टर श्री अग्निहोत्री, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नीरज सोनी, संयुक्त कलेक्टर सुश्री नेहा सोनी, एसडीएम सौसर श्री सिद्धार्थ पटेल, एसडीओपी पांढुर्णा श्री ब्रजेश भार्गव, एसडीओपी सौसर, टीआई सौसर, टीआई लोधीखेड़ा, टीआई मोहगांव, सीसीटीएनएस प्रभारी श्री राजभान कुरेती सहित आबकारी विभाग, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग तथा सामाजिक न्याय एवं कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान नशामुक्ति अभियान को और अधिक प्रभावी बनाने तथा मादक पदार्थों के अवैध उपयोग एवं विक्रय पर सख्त रोक लगाने के लिए सभी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिला शिक्षा अधिकारी पांढुर्णा श्री एच बी हांडे को निर्देशित किया गया कि जिले के प्रत्येक विद्यालय में एक शिक्षक को नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए तथा स्कूल परिसरों में छात्र-छात्राओं को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरक वचन, कोटेशन एवं पोस्टर दृष्टिगोचर स्थानों पर प्रदर्शित किए जाएं।
जिला स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी पांढुर्णा को जिला औषधि अधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर चिन्हित प्रतिष्ठानों पर वैधानिक कार्रवाई करने, जिले में नशीली दवाओं के विक्रय पर सख्त नियंत्रण रखने तथा बिना बिल के दवाइयों का विक्रय करने वाली दुकानों पर कठोर कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रतिबंधित दवाइयों के उपयोग पर पूर्ण प्रतिबंध लागू करने एवं नशीली दवाइयां बेचते हुए पाए जाने पर उचित वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।
जिला आबकारी अधिकारी श्री नरेन्द्र नागेश को झोपड़पट्टियों एवं चिन्हित क्षेत्रों में नियमित भ्रमण कर आमजन को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने तथा पुलिस विभाग के साथ समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सीसीटीएनएस के अंतर्गत कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने MedLEaPR प्लेटफॉर्म पर एमएलसी रिपोर्ट एवं पीएम रिपोर्ट की कार्यवाही शत-प्रतिशत ऑनलाइन किए जाने के निर्देश दिए।
MedLEaPR के संदर्भ में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने निर्देशित किया कि मेडिकल-लीगल मामलों से संबंधित समस्त रिपोर्ट समयबद्ध, पूर्ण एवं ऑनलाइन दर्ज की जाएं, ताकि पारदर्शिता, त्वरित कार्रवाई एवं विभागीय समन्वय सुनिश्चित हो सके। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य विभाग, पुलिस विभाग एवं सीसीटीएनएस के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित करते हुए MedLEaPR प्लेटफॉर्म का प्रभावी उपयोग किया जाए, जिससे नारकोटिक्स से जुड़े मामलों में साक्ष्यों की उपलब्धता एवं मॉनिटरिंग सुदृढ़ हो सके।
वनमण्डलाधिकारी पांढुर्णा श्री सचिन एच. नडगडी को अपने अधिकार क्षेत्र के अंतर्गत वनग्रामों अथवा किसानों द्वारा कपास की खेती के साथ-साथ मादक पदार्थ (गांजा) की अवैध खेती या सेवन की संभावनाओं के आधार पर संदिग्ध स्थानों को चिन्हित कर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों से जानकारी एकत्र करने एवं नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
बैठक के अंत में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए जिले को नशामुक्त बनाने की दिशा में ठोस, निरंतर एवं प्रभावी प्रयास करने तथा MedLEaPR प्लेटफॉर्म के माध्यम से मेडिकल-लीगल प्रक्रियाओं को और अधिक पारदर्शी एवं सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।

se
