
रिपोर्टर दिलीप कुमरावत MobNo 9179977597
मनावर। जिला धार।। श्रावण मास के शुक्ल पक्ष की नाग पंचमी और सावन सोमवार के दुर्लभ संयोग पर सोमवार को मनावर नगर पूरी तरह भक्तिमय नजर आया। सिंघाना मार्ग स्थित प्राचीन भीलट देव मंदिर सहित नगर के विभिन्न शिवालयों में अलसुबह से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। भक्तों ने भगवान भीलट देव एवं नाग देवता को दूध, लावा, फूल और मिठाई अर्पित कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

*प्राचीन भीलट देव मंदिर में उमड़ी भीड़* सिंघाना रोड स्थित प्राचीन भीलट देव मंदिर में ब्रह्म मुहूर्त से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था। भक्तों ने भगवान भीलट देव के दर्शन कर विशेष पूजन-अर्चन किया। नाग पंचमी के अवसर पर नाग देवता के प्रति श्रद्धा व्यक्त करते हुए दूध, लावा एवं पुष्प अर्पित किए गए।
*शिवालयों में हुआ जलाभिषेक* नगर के विभिन्न शिव मंदिरों में भी विशेष धार्मिक आयोजन हुए। बंक नाथ अटल दरबार, श्री जागेश्वर मंदिर, थानेश्वर मंदिर, खेड़ापति हनुमान मंदिर, गुप्तेश्वर महादेव कांच मंदिर, नरसिंह मंदिर, लक्ष्मी नारायण शिव मंदिर नदी किनारे, मंगला देवी मंदिर, दुर्गा माता मंदिर, चामुंडा देवी मंदिर, आशाराम बापू आश्रम, विद्युत मंडल ग्रिड मंदिर तथा सिंचाई कॉलोनी सहित सभी शिवालयों में श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर विधिवत पूजा-अर्चना की।

*दिनभर रहेगा भक्तिमय माहौल*
सावन सोमवार और नाग पंचमी का पर्व एक साथ होने से नगर में पूरे दिन धार्मिक उल्लास और उत्साह का वातावरण बना रहा। मंदिरों में घंटियों की गूंज, हर-हर महादेव के जयकारों और श्रद्धालुओं की भीड़ से वातावरण भक्तिमय बना रहा। लोगों ने भगवान शिव एवं नाग देवता की आराधना कर सुख, शांति, समृद्धि और परिवार की मंगलकामना की।

