
मौदहा से जिला ब्यूरो चीफ राजकुमार की रिपोर्ट
हमीरपुर। शहर के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित विद्या मंदिर मार्ग पर सोमवार देर रात युवकों के दो गुटों के बीच विवाद के बाद जमकर मारपीट और चाकूबाजी हो गई। घटना में दो युवक घायल हो गए। एक युवक के गले में चाकू लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे प्राथमिक उपचार के बाद कानपुर रेफर किया गया है।
किंग रोड बीज गोदाम निवासी मोहम्मद सैफ सोमवार रात करीब 10 से 11 बजे अपने साथी उवैस के साथ विद्या मंदिर रोड से गुजर रहा था। इसी दौरान उनका सामना किंग रोड निवासी शहजाद उर्फ बउआ जंगली और रमेड़ी मांझखोर निवासी टिंकू प्रजापति से हो गया। बताया जा रहा है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। कहासुनी के बाद दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई और देखते ही देखते चाकूबाजी होने लगी।
आरोप है कि चाकू के हमले में उवैस के गले में गंभीर चोट आई और वह लहूलुहान होकर मौके पर गिर गया। वहीं सैफ के सिर और चेहरे पर भी चोटें आई हैं। दोनों घायलों को देर रात जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उवैस की हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार मामले में शहजाद उर्फ बउआ जंगली समेत दो युवकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। बताया जा रहा है कि शहजाद उर्फ बउआ के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

