संवाददाता निलेश कलसकर अखंड भारत न्यूज़ पांढुरना
पांढुर्णा, 7 अक्टूबर। खरीफ फसलों में सूखे से हुए नुकसान को लेकर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी नांदनवाड़ी ने मंगलवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। ब्लॉक अध्यक्ष रवि खापरे के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में पांढुर्णा क्षेत्र को तत्काल सूखाग्रस्त घोषित करने की मांग की गई है।
ज्ञापन में बताया गया कि इस बार समय पर और पर्याप्त बारिश नहीं होने से खेती पर सीधा असर पड़ा है। खेतों में नमी की कमी के कारण सोयाबीन, मक्का, कपास, अरहर सहित अन्य खरीफ फसलों की बढ़वार रुक गई है। कई गांवों में फसलें सूखने की कगार पर हैं।
कांग्रेस ने कहा कि फसल खराब होने से किसानों को दोहरी मार पड़ रही है। एक तरफ उत्पादन में कमी आ रही है, वहीं बीज, खाद, कीटनाशक, मजदूरी और सिंचाई पर किया गया खर्च भी वसूल नहीं हो पा रहा है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान आयोजित सभा को जिला कांग्रेस अध्यक्ष जतन उइके, विधायक नीलेश उइके, जिला प्रभारी गंगा प्रसाद तिवारी, सह-प्रभारी सुरेश कपाले, किसान प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष हरनाम सिंह ठाकुर, कार्यवाहक जिलाध्यक्ष मुंशनलाल उइके, सुखदेव सरियाम और जनपद अध्यक्ष लता तूमड़ाम ने संबोधित किया। इस मौके पर बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे।
तीन प्रमुख मांगें रखी गईं –
1. क्षेत्र को सूखाग्रस्त घोषित कर गांव-गांव और खेत-खेत सर्वे कराया जाए और नुकसान के आधार पर मुआवजा दिया जाए। 2. प्रभावित किसानों के कृषि ऋण माफ किए जाएं। 3. आने वाले दिनों में पेयजल संकट की आशंका को देखते हुए ग्राम पंचायतों को अभी से अतिरिक्त बजट और टैंकर की व्यवस्था दी जाए।
ब्लॉक कांग्रेस ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द सर्वे और राहत कार्य शुरू नहीं हुए तो किसानों के साथ आंदोलन किया जाएगा।
