रिपोर्टर रवि शिमले मो.7024401114
अंजड। सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत स्वामी अमूर्तानंद शासकीय महाविद्यालय, अंजड में दिनांक 7 अक्टूबर 2026 को साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. उमेश कुमार काकेश्वर के निर्देशन में संपन्न हुआ।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्राचार्य डॉ. उमेश कुमार काकेश्वर ने विद्यार्थियों को साइबर फ्रॉड से बचने के विभिन्न उपायों की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को अनजान लिंक पर क्लिक न करने, ओटीपी एवं बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा न करने तथा साइबर अपराधों के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी।
महाविद्यालय के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. सुरेश काग ने साइबर फ्रॉड होने के बाद तत्काल किए जाने वाले आवश्यक उपायों की विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि साइबर ठगी का शिकार होने पर घबराने के बजाय तत्काल संबंधित बैंक को सूचित कर आवश्यक कार्रवाई करने तथा साइबर अपराध की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया अपनानी चाहिए। यह कार्यक्रम स्वामी विवेकानंद करियर मार्गदर्शन प्रकोष्ठ, राष्ट्रीय सेवा योजना, ईको क्लब एवं एन टी एफ/ मेटल हेल्थ क्लब के तहत आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में प्रो. सुभाष सोलंकी, प्रो. माया कनासे, प्रो. सोनी सोलंकी, प्रो. हिमांशु मकवाना सहित महाविद्यालय के अन्य प्राध्यापक एवं कर्मचारी तथा विद्यार्थी उपस्थित रहे। आगामी सेवा संकल्प अभियान के कार्यक्रमों की जानकारी नोडल अधिकारी डॉ. डी. आर. यादव ने दी।
कार्यक्रम का संचालन प्रो. ललिता चौहान ने किया तथा आभार प्रो. अनीता रावत ने व्यक्त किया। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित एवं सजग तरीके से उपयोग करने के लिए जागरूक किया गया।
