
सेवानिवृत्त पदाधिकारियों को भावभीनी विदाई, नए नेतृत्व को सौंपी जिम्मेदारी
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
तृतीय वर्ग कर्मचारी संघ म.प्र. जिला शाखा छिन्दवाड़ा द्वारा शनिवार को पन्नू रेस्टॉरेंट, नीमढाना में एक गरिमामय विदाई एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिले के छिन्दवाड़ा एवं पांढुर्णा इकाई के सेवानिवृत्त पदाधिकारियों को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई, वहीं संघ के नए पदाधिकारियों को नियुक्ति पत्र सौंपकर संगठन को नई दिशा देने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का आयोजन जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश सोनी एवं तहसील अध्यक्ष दमुआ ज्ञानेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में किया गया। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में विकासखंड शिक्षा अधिकारी ओ.पी. जोशी तथा कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में संभागीय संयोजक मुकेश खरे की विशेष उपस्थिति रही।

इस दौरान संघ के वरिष्ठ एवं सेवानिवृत्त पदाधिकारी—अवधेश विश्वकर्मा, ओमकार नामदेव, संजय व्यास, चन्द्रशेखर इंगले, डी.के. नारंजे, रविन्द्र चौधरी, दिलीप ठोम्बरे, बी.पी. तिवारी, रामभरोस वर्मा एवं सुरेन्द्र काटोलकर को साल, श्रीफल एवं प्रशस्ति पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। सम्मानित पदाधिकारियों ने अपने कार्यकाल के अनुभव साझा करते हुए संगठन की मजबूती और एकता पर बल दिया।
समारोह में संगठन के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण निर्णय लेते हुए नवनियुक्त पदाधिकारियों की घोषणा भी की गई। प्रमोद श्रीवास्तव को तहसील अध्यक्ष जुन्नारदेव, मनोज पराते को ब्लॉक अध्यक्ष बिछुआ, मनोज संबारे को तहसील अध्यक्ष बिछुआ, शाहिद अली मीर को तहसील अध्यक्ष चौरई तथा नीरज दुबे को कार्यकारी अध्यक्ष जिला शाखा छिन्दवाड़ा के पद पर नियुक्त कर नियुक्ति पत्र प्रदान किए गए।

कार्यक्रम के सफल आयोजन में सुखदेव ताराम, दिनेश वर्मा, आजाद सिंह, संजय श्रीवास्तव, बालकराम साहू, हेमंत वर्मा, संजीव पांडे, बलराम भलावी, कुलदीप गुलबाके, धीरज शर्मा, अवधेश नामदेव, जगदीश पन्द्राम, सदूसिंह ठाकुर, सुरेश घाघरे एवं इजाज अंसारी सहित अनेक सदस्यों ने सक्रिय सहयोग दिया।
समारोह का समापन संगठन की एकजुटता और भविष्य में कर्मचारी हितों के लिए निरंतर संघर्ष के संकल्प के साथ हुआ।