
जामसांवली धाम में 120 मरीजों को मिला निःशुल्क उपचार, स्वास्थ्य शिविर रहा सफल
कलेक्टर के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य सेवाओं के साथ जागरूकता पर भी दिया गया विशेष जोर
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
चमत्कारिक श्री हनुमान मंदिर जामसांवली धाम स्थित मानसिक स्वास्थ्य परामर्श केंद्र में मंगलवार को एक दिवसीय होम्योपैथी स्वास्थ्य जांच शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह जनहितैषी आयोजन होम्योपैथिक एसोसिएशन जिला पांढुर्णा एवं शासकीय होम्योपैथी औषधालय जामसांवली के संयुक्त तत्वाधान में आयोजित किया गया, जिसमें ग्रामीण आदिवासी समाज विकास संस्थान का विशेष एवं सक्रिय सहयोग रहा। शिविर में क्षेत्र के दूर-दराज गांवों से आए कुल 120 मरीजों ने स्वास्थ्य जांच कराई और विशेषज्ञों के परामर्श अनुसार निःशुल्क चिकित्सा सेवाओं का लाभ प्राप्त किया।

शिविर में अनुभवी एवं विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने अपनी सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सा दल में डॉ. दिनेश ढोके, डॉ. श्वेता गजभिए, डॉ. नेहा भट्टड़, डॉ. प्राजक्ता बोकडे, डॉ. सोना नाग शिववेदी, डॉ. अनूप जैन, डॉ. प्रशांत मुंगोले, डॉ. जुबेर मंसूरी, डॉ. श्रीकांत सोमकुवर, डॉ. दशरथ बोवाड़े और डॉ. दुर्बेद्र वासनिक शामिल रहे। शिविर में मानसिक रोगों, सर्वाइकल कैंसर की जानकारी, धूप से बचाव तथा अन्य बीमारियों का होम्योपैथी औषधियों के माध्यम से उपचार किया गया। चिकित्सकों ने मरीजों का गहन परीक्षण कर आवश्यक दवाइयां वितरित कीं और होम्योपैथी चिकित्सा पद्धति की उपयोगिता के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

स्वास्थ्य शिविर के दौरान उपचार के साथ-साथ जन-जागरूकता पर भी विशेष बल दिया गया। चिकित्सकों ने ग्रामीणों को मानसिक रोगों के प्रति सजग रहने और समय पर उपचार कराने के लिए प्रेरित किया। साथ ही महिलाओं को सर्वाइकल कैंसर के प्रति जागरूक किया गया। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए लू से बचाव के उपाय बताए गए तथा खान-पान में सावधानी बरतने की सलाह दी गई।
इस अवसर पर ग्रामीण आदिवासी समाज विकास संस्थान के संस्थापक श्री शामराव धवले एवं निदेशक श्री विजय धवले विशेष रूप से उपस्थित रहे। संस्थान के समर्पित कार्यकर्ताओं के सहयोग से शिविर का संचालन सुव्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संपन्न हुआ।