
कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में जनसुनवाई में 30 आवेदकों की समस्याओं पर त्वरित कार्रवाई प्राथमिकता के साथ निराकरण के निर्देश, आमजन को मिली राहत
संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश
राज्य शासन के जनसुनवाई कार्यक्रम के अंतर्गत प्रति सप्ताह मंगलवार को आम नागरिकों की समस्याओं की सुनवाई कर उनका त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जाता है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ एवं पुलिस अधीक्षक श्री सुंदर सिंह कनेश ने आज कलेक्टर कार्यालय पांढुर्णा के सभाकक्ष में आयोजित जनसुनवाई में 30 आवेदकों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं।

इस दौरान जिले के शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्रों सहित दूरस्थ अंचलों से आए आवेदकों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याओं के निराकरण के लिए आवेदन प्रस्तुत किए। जनसुनवाई में मुख्य रूप से भूमि सीमांकन, प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ, भू-अधिकार पट्टा, जन्म एवं मृत्यु प्रमाण पत्र, जाति प्रमाण पत्र, मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना का लाभ, खसरा-नक्शा दुरुस्ती आदि से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने सभी आवेदनों पर तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक प्रकरण में शीघ्रता और प्राथमिकता के साथ कार्रवाई कर समाधान सुनिश्चित किया जाए।
जनसुनवाई के दौरान त्रिलोकसिंग चितौड़िया, निवासी मु. भाटेवाड़ी, ग्राम पंचायत चिचखेड़ा, तहसील पांढुर्णा द्वारा पेयजल समस्या के निराकरण, जगदीश बुवाडे, निवासी नरसला द्वारा पैतृक भूखंड पर नाम दर्ज कराने, आशिष धुन्दे, निवासी ग्राम राजना द्वारा छात्रवृत्ति प्राप्ति में आ रही समस्या, निर्मला कोरडे एवं किशोर कवडेती द्वारा वनाधिकार अधिनियम 2006 के अंतर्गत कृषि भूमि के स्वामित्व की जांच एवं पट्टा आवंटन, नसीर मोहम्मद द्वारा किसान सम्मान निधि पोर्टल से नाम हटाए जाने पर कार्यवाही, सरिता वंजारी द्वारा प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ दिलाने,जीवनलाल आहके द्वारा नंदनवन फलोद्यान योजना अंतर्गत संतरा पौधों के वितरण एवं मेंटेनेंस राशि की जांच, पुरुषोत्तम जाधव द्वारा पीएम आवास योजना का लाभ तथा गुलाब राउत द्वारा कपिल धारा योजना 2022 के अंतर्गत स्वीकृत राशि प्राप्त न होने संबंधी आवेदन प्रस्तुत किए गए।

कलेक्टर ने सभी मामलों को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक आवेदन का नियमानुसार परीक्षण कर शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को समय पर राहत मिल सके।
इस अवसर पर कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में संयुक्त कलेक्टर सुश्री मेघा शर्मा, एसडीएम पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का, डिप्टी कलेक्टर सुश्री प्रेक्षा पाठक, सीईओ जनपद श्रीमती बंदू सूर्यवंशी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे और आवेदनों पर सुनवाई की।