A2Z सभी खबर सभी जिले की

कलेक्टर के मार्गदर्शन में ‘शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना 2026’ से युवाओं को मिलेगा सशक्त अवसर, निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण, रोजगारोन्मुख तैयारी और पारदर्शी चयन प्रक्रिया पर जोर

कलेक्टर के मार्गदर्शन में ‘शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना 2026’ से युवाओं को मिलेगा सशक्त अवसर, निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण, रोजगारोन्मुख तैयारी और पारदर्शी चयन प्रक्रिया पर जोर

संवाददाता धनंजय जोशी
जिला पांढुरना मध्य प्रदेश

मध्यप्रदेश शासन, पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग द्वारा संचालित ‘शौर्य संकल्प प्रशिक्षण योजना 2026’ के अंतर्गत प्रदेश के अन्य पिछड़ा वर्ग के युवाओं को सेना, पुलिस, होमगार्ड एवं निजी सुरक्षा एजेंसियों में भर्ती के लिए सक्षम बनाने के उद्देश्य से निःशुल्क आवासीय प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ के मार्गदर्शन में जिले के पात्र युवाओं को इस योजना का अधिकतम लाभ दिलाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

योजना अंतर्गत प्रदेश के 20 जिला मुख्यालयों में 45 दिवस की अवधि के लिए प्रशिक्षण संचालित किया जाएगा। कुल 40 प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किए जाएंगे, जिनमें प्रत्येक केंद्र पर 100 प्रतिभागियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा, इस प्रकार कुल 4000 लाभार्थियों को योजना का लाभ मिलेगा। योजना में भोपाल, इंदौर, उज्जैन, सागर, जबलपुर, ग्वालियर, शहडोल, रीवा, नर्मदापुरम, मुरैना, रायसेन, खंडवा, मंदसौर, टीकमगढ़, छिंदवाड़ा, गुना, अनूपपुर, सतना, बैतूल एवं भिंड जिले शामिल हैं।

आवेदन प्रक्रिया पूर्णतः ऑफलाइन एवं निःशुल्क रहेगी। इच्छुक अभ्यर्थी 11 मई 2026 तक कार्यालयीन समय सायं 6:00 बजे तक संबंधित जिले के कार्यालय सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण में आवेदन जमा कर सकेंगे। आवेदन पत्र विभागीय वेबसाइट www.bcwelfare.mp.gov.in पर उपलब्ध रहेगा। योजना में चयनित 20 जिलों के अतिरिक्त अन्य जिलों के अभ्यर्थी भी इन जिलों में आवेदन कर प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे।

Related Articles

पात्रता के अनुसार अभ्यर्थी मध्यप्रदेश का मूल निवासी एवं अन्य पिछड़ा वर्ग का होना अनिवार्य है तथा नॉन-क्रीमीलेयर श्रेणी में होना आवश्यक है। शैक्षणिक योग्यता न्यूनतम 12वीं उत्तीर्ण निर्धारित की गई है। शारीरिक मापदंड के तहत पुरुषों के लिए न्यूनतम ऊंचाई 168 सेमी एवं महिलाओं के लिए 155 सेमी निर्धारित है। साथ ही सैन्य भर्ती के लिए आवश्यक शारीरिक मानकों को पूरा करना भी आवश्यक होगा।

चयन प्रक्रिया में निर्धारित संख्या से अधिक आवेदन प्राप्त होने की स्थिति में 12वीं कक्षा के प्राप्तांकों के आधार पर मेरिट तैयार की जाएगी तथा समान अंक होने पर अधिक आयु वाले अभ्यर्थी को प्राथमिकता दी जाएगी। अंतिम चयन जिला स्तरीय चयन समिति द्वारा किया जाएगा, जिसका निर्णय अंतिम होगा।

योजना के अंतर्गत अभ्यर्थियों को सैद्धांतिक एवं शारीरिक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। सैद्धांतिक प्रशिक्षण में सामान्य ज्ञान, तर्कशक्ति, गणित, कंप्यूटर एवं अंग्रेजी विषयों का प्रतिदिन 4 घंटे प्रशिक्षण दिया जाएगा, वहीं शारीरिक प्रशिक्षण में दौड़, जंप, गोला फेंक सहित अन्य गतिविधियों का प्रतिदिन 3 घंटे अभ्यास कराया जाएगा।

इसके अतिरिक्त, प्रशिक्षणार्थियों को निःशुल्क भोजन एवं आवास, प्रशिक्षण सामग्री तथा प्रशिक्षण अवधि में निर्धारित दर अनुसार छात्रवृत्ति राशि का भुगतान सीधे उनके बैंक खाते में किया जाएगा। प्रशिक्षण पूर्णतः आवासीय होगा।

योजना का क्रियान्वयन संबंधित जिले के कलेक्टर श्री वशिष्ठ की निगरानी में किया जाएगा विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध रहेगी। शासन द्वारा आवश्यकतानुसार योजना में संशोधन अथवा स्थगन का अधिकार सुरक्षित रखा गया है।

Show More
Back to top button
error: Content is protected !!